Pratapgarh : सगाई की सूचना पर युवती पहुंची प्रेमी के घर, ब्लेड से गला काटा
प्रेमी की सगाई की खबर मिलने पर प्रयागराज से मिश्रपुर पहुंची युवती ने जमकर हंगामा काटा। हालांकि सगाई प्रेमी की बहन की थी। इसके बाद पुलिस और घर वालों ने उसे समझाकर घर भेजना चाहा लेकिन युवती ने अपना गला ब्लेड से काट लिया।
विस्तार
प्रेमी की सगाई की खबर मिलने पर प्रयागराज से मिश्रपुर पहुंची युवती ने जमकर हंगामा काटा। हालांकि सगाई प्रेमी की बहन की थी। इसके बाद पुलिस और घर वालों ने उसे समझाकर घर भेजना चाहा लेकिन युवती ने अपना गला ब्लेड से काट लिया। गंभीर हालत में उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। काफी समय से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने जार्जटाउन थाने में युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन फिर दोनों में समझौता हो गया था।
अल्लापुर की रहने वाली एक युवती और प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र मिश्रपुर के युवक के बीच प्रयागराज में काफी समय से दोस्ती थी। कुछ साल पहले दोनों में अनबन हो गई। युवती ने जार्जटाउन थाने में युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। हालांकि बाद में दोनों में समझौता हो गया तो युवती ने मुकदमा वापस ले लिया था। दोनों में फिर दोस्ती हो गई।
प्रेमी के घर पर पहुंचकर किया हंगामा
बुधवार को युवती को सूचना मिली कि युवक की सगाई हो रही है। वह अल्लापुर से सीधे मिश्रपुर पहुंच गई और हंगामा करने लगी। वहां पता चला कि उसके प्रेमी के बहन की सगाई थी, प्रेमी की नहीं। सगाई के चलते रिश्तेदार भी जुटे थे। उसे हर कोई समझाने का प्रयास कर रहा था , मगर वह जिद पर अड़ी थी। घर वालों ने पुलिस को बुला लिया। दोनों पक्ष घंटों थाने में बैठे रहे।
पुलिस ने कहा कि जब युवक की सगाई नहीं हो रही है तो हंगामे की कोई बात ही नहीं होनी चाहिए। उस समय तक युवती मान गई। समझौते के बाद महिला सिपाही युवती को चिलबिला तक पहुंचाने आई। शाम को प्रेमी के घर के करीब आंवले की बाग में युवती बेहोश मिली। उसके गले को ब्लेड से काट लिया था। पुलिस ने घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां गंभीर हालत को देखते हुए एसआरएन अस्पताल रिफर कर दिया गया।
प्रेमी के परिजनों पर लगाया हमले का आरोप
युवती घायल अवस्था में आरोप लगा रही थी कि उसके प्रेमी ने जान से मारने के लिए धारदार हथियार से हमला किया है। परिवार के लोगों ने घर पर उसे मारापीटा और उसका मोबाइल भी छीन लिया। कंधई थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रेमिका ने प्रेमी के खिलाफ प्रयागराज में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में उनके बीच सुलह हो गया था। कई बार वह मिश्रपुर पहुंचकर विवाद कर चुकी है। अगर युवती की तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।