दर्दनाक: प्रतापगढ़ में मां के बगल सो रही मासूम को जंगली बिल्ली ने मार डाला
नगर कोतवाली के महुली निवासी अजय गौड़ राजस्थान में मजदूरी कर परिवार का गुजर बसर करता है। पांच बेटियों के बाद उसकी पत्नी उमा ने बेटे को जन्म दिया था। परिवार के लोग इकलौते बेटे को बड़े ही दुलार से पालपोस रहे थे।
विस्तार
जंगली बिल्ली के हमले में आठ माह के मासूम की मौत हो गई। हिंसक बिल्ली ने मासूम को कई जगह काटा ही नहीं पंजों से नोंचा था। बिस्तर पर बेटे के बगल में सो रही मां पर भी बिल्ली ने हमला किया। मां की चीख पुकार पर बिल्ली भाग गई। मगर मासूम बेटे की खून से लथपथ देख कर वह बदहवास होकर चीख पड़ी। शुुक्रवार को परिजनों ने मासूम के शव को घर के करीब ही दफना दिया।
नगर कोतवाली के महुली निवासी अजय गौड़ राजस्थान में मजदूरी कर परिवार का गुजर बसर करता है। पांच बेटियों के बाद उसकी पत्नी उमा ने बेटे को जन्म दिया था। परिवार के लोग इकलौते बेटे को बड़े ही दुलार से पालपोस रहे थे। बृहस्पतिवार की देर रात उमा अपने आठ माह के बेटे राज को लेकर एक कमरे में अकेले सो रही थी। रात में दीवार के झरोखे से एक जंगली बिल्ली घुस आई। गहरी नींद में उमा सोती रही और बिल्ली ने राज पर हमला कर नोंचते-काटते उसे मौत की नींद सुला दिया।
इस बीच हिंसक जंगली बिल्ली ने उमा पर भी हमला कर दिया। जिससे उसकी नींद खुल गई। उसके शोर मचाने पर बिल्ली भाग निकली, लेकिन वह भी घायल हो गई। मासूम राज पर नजर पड़ते ही उसके मुंह से निकल पड़ी। परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो बिस्तर पर मासूम राज को खून से लथपथ पड़ा देखा। आसपास के लोग भी पहुंच गए। लोग उसे अस्पताल ले जाते उससे पहले राज का दम टूट चुका था। बिल्ली के हमले से राज के दम तोड़ने की बात सुनते ही घर के लोग रोने बिलखने लगे। घर में कोहराम मच गया। कुछ दिन पहले घर आया अजय शनिवार को राजस्थान जाने की तैयारी में था। इकलौते बेटे की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।