प्रतापगढ़ : नहीं जाता तो ज्वालामुखी बन जाता, ब्लैकबोर्ड पर सुसाइड नोट लिखकर फांसी पर लटका मिस्त्री
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर के खड़गपुर टाउन निवासी जगदीश गैस चूल्हा मिस्त्री था। वह काफी दिनों से देल्हूपुर के कलानी निवासी इयाद के मकान में किराए पर रहता था। बुधवार की सुबह उसका शव कमरे के बाहर बरामदे में फांसी के फंदे पर लटकता देख सनसनी फैल गई।
विस्तार
देल्हूपुर थाना क्षेत्र के कलानी में किराए के कमरे में रहने वाले पश्चिम बंगाल के गैस चूल्हा मिस्त्री जगदीश श्रीवास (55) का शव बुधवार को फांसी के फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारने के बाद छानबीन में जुटी रही।
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर के खड़गपुर टाउन निवासी जगदीश गैस चूल्हा मिस्त्री था। वह काफी दिनों से देल्हूपुर के कलानी निवासी इयाद के मकान में किराए पर रहता था। बुधवार की सुबह उसका शव कमरे के बाहर बरामदे में फांसी के फंदे पर लटकता देख सनसनी फैल गई। जानकारी के बाद इयाद भी मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को ब्लैक बोर्ड पर सुसाइड नोट लिखा मिला।
जिसमे लिखा था कि ऊपर वाले के आदेश से मैं जा रहा हूं, मैं लोगों का सताया हुआ हूं। नहीं जाता तो ज्वालामुखी बन जाता।इसके बाद मकान मालिक इयाद को संबोधित करते हुए लिखा था कि इयाद भाई आपका गोलवाला बोर्ड खरवई बैरागी मौर्या के पास है। कृपया आप ले लें। मैं लेने जाने वाला था। किसी ने मेरा आज दोपहर से मूड खराब कर दिया। मेरे कमरे में आपके लिए मोबाइल रखा है। आप इस्तेमाल करना।
आपका चाचा। पुलिस ने इसका वीडियो बनाया और मकान मालिक से पूछताछ करने के बाद मृतक के परिजनों से बातचीत की। इस बीच कुछ लोग हत्या की आशंका भी जताते रहे। देल्हूपुर थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया फांसी लगाने से ही मौत हुई है। पीएम रिपोर्ट में सबकुछ साफ हो जाएगा।