प्रतापगढ़। बेसिक शिक्षा विभाग में पुस्तकालय के लिए घटिया पुस्तकें और खेलकूद सामग्री खरीदने में कमीशनबाजी करने वाले हेडमास्टरों पर गाज गिरना लगभग तय हो गया है। बीएसए के साथ ही शासन ने अलग से जांच कमेटी गठित कर दी है। इधर बीएसए ने बीईओ को पत्र भेजकर रिपोर्ट नहीं देने पर नाराजगी प्रकट की है।
जिले के प्राइमरी स्कूलों में पांच हजार रूपये पुस्तकालय के लिए पुस्तकें और पांच हजार रूपये खेल सामग्री खरीदने के साथ ही मिडिल स्कूलों में दस-दस हजार रुपये मिले हुए थे। कमीशनबाजी के चक्कर में घटिया पुस्तकें और खेल उपकरण खरीदने वाले हेडमास्टरों की पोल उस समय खुल गई, जब बीएसए ने औचक निरीक्षण में घटिया पुस्तकों और खेल सामग्रियों को देखा। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों से ऐसे हेडमास्टरों की सूची तलब की है, जिन्होंने कमीशन के चक्कर में घटिया सामग्री खरीद रखी है। इधर, शासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया है। हालांकि, अभी टीम जिले में नहीं आई है, मगर ऐसा लगता है जिस प्रकार विभाग जांच कमेटी बना रहा है, उससे लगता है कि ऐेसे हेडमास्टरों पर कार्रवाई जल्द होगी। बीएसए अशोक कुमार सिंह ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस जारी कर जांच रिपोर्ट तलब की गई है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।