Pratapgarh : धारदार हथियार से हमला कर बदमाशों ने की बुजुर्ग की हत्या, हमले में भतीजा घायल
रिश्तेदार के घर आए बुजुर्ग की बदमाशों ने पिटाई कर धारदार हथियार से हत्या कर दी। मारपीट में भतीजे को भी चोट आई है। बुजुर्ग की मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
रिश्तेदार के घर आए बुजुर्ग की बदमाशों ने पिटाई कर धारदार हथियार से हत्या कर दी। मारपीट में भतीजे को भी चोट आई है। बुजुर्ग की मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रायबरेली जनपद के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र स्थित गौतमन का पुरवा निवासी बृजेश सिंह (60) किराना व्यापारी हैं। बुधवार की शाम अपने बहू के मायके नवाबगंज थाना क्षेत्र के झोकवारा निवासी वैद्यनाथ सिंह के घर भतीजे अनुराग (19) के साथ आए थे। शाम करीब सात बजे बृजेश अपने भतीजे के साथ बुलेट से घर जा रहे थे। गौतम का पुरवा गांव से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर तालाब के समीप पहले से मौजूद बदशामों ने उनको रोक लिया।
बदमाशों से उनका विवाद होने लगा। विवाद के दौरान बदमाशों ने चाचा-भतीजे की पिटाई कर दी। विरोध करने पर धारदार हथियार से बृजेश पर हमला कर दिया। बदमाशों के हमले से बृजेश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बीच बचाव कर रहे भतीजे अनुराग की पिटाई कर हमलावर धमकी देकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची नवाबगंज थाना पुलिस घायलों को सीएचसी ऊंचाहार ले गई।
चिकित्सकों ने रायबरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने बृजेश को मृत घोषित कर दिया। घायल अनुराग को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों में चीख पुकार मच गई। इस संबंध में एएसपी संजय राय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि घटना के कारणों की तफ्तीश की जा रही है। सभी पक्षों को मद्देनजर रखते हुए पड़ताल हो रही है। शीघ्र ही खुलासा होगा।