फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pratapgarh News ›   The District of Threatened by Murder, Opposition, Bawal

हत्या, मारपीट, बवाल से बिगड़ा जिले का माहौल

Wed, 13 Jun 2018 12:26 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़ Updated Wed, 13 Jun 2018 12:26 AM IST
विज्ञापन
जनपद में एक माह के भीतर हत्या, लूट, बवाल और फायरिंग ताबड़तोड़ घटनाओं की घटनाओं से जिले का माहौल बिगड़ गया है। खुलेआम भीड़भाड़ वाले इलाकों में फायरिंग की जा रही है। लूट व छिनैती की वारदातें भी रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां तक प्रदेश के मंत्री के परिवार में भी चोरी की वारदात हो जा रही है। बेखौफ लोग कानून के रखवालों का लहू बहाने में भी पीछे नहीं हट रहे हैं। पुलिस हर मोर्चे पर फेल हो रही है।
विज्ञापन


जिले में अपराध का ग्राफ पिछले 15 दिनों में तेजी से चढ़ा है। अफसरों द्वारा साथियों के ऊपर लगातार कार्रवाई से पुलिसकर्मियों का मनोबल गिरता जा रहा है। हालांकि घटनाओं के बाद पुलिस खुलासे भी कर रही है। इसके बाद भी वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा।
विज्ञापन


सूबे के मंत्री के परिवार में हुई लाखों की चोरी
प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री डा. महेंद्र सिंह के पैतृक गांव करमाही थाना कंधई में चोरों ने धावा बोला। मंत्री के चचेरे भाई प्रधान के घर से चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। दूसरे चचेरे भाई का घर भी चोर खंगाल ले गए। अभी तक घटना का खुलासा नहीं हो सका। इसी रात चोरों ने कंधई थाना क्षेत्र के आठ घरों मेें चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अभी चोरों तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीण बैंक मोहनगंज में भी चोरों ने सेंध लगाई, लेकिन कैश लूटने में नाकाम रहे। बाइक चोरी की घटनाएं तो आम बात हो गई हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब बाइक चोरी की घटना जिले में न होती हो।
विज्ञापन
विज्ञापन


लुटेरों को नहीं है पुलिस का भय
जिले में लूट की घटनाओं भी नहीं थम रही हैं। बेखौफ बदमाश 26 अप्रैल को शिवम गैस एजेंसी के कर्मचारी राजेश पाल को गोली मारकर 1.11 लाख रुपये लूटकर भाग निकले। 27 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास महिला से 4 लाख के जेवरात लूटकर फरार हो गए। 1 मई को अंतू थाना क्षेत्र में सिपाही की बाइक लूट ली। नगर कोतवाली के सकरनी पुल के पास गोली मारकर लेखपाल मंशाराम को लूटा। मानधाता थाना क्षेत्र के हैंसी में 1 जून को बीओबी के संचालक मनोज कुमार से बदमाशों ने 1.25 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरों के निशाने पर पेट्रोलपंप भी रहे। अंतू के बझान में बदमाशों ने 37 हजार लूटे तो 7 जून को कंधई के मंदाह स्थित पेट्रोल पंप से बदमाश 25 हजार रुपये लूटकर भाग निकले।

जरा सी बात पर भी मार दी जा रही गोली
जिले में हत्या व जानलेवा हमले की घटनाएं भी बढ़ी हैं। जेठवारा में 5 मई को बदमाशों ने युवक पर हमला कर बाइक लूट ली। नगर कोतवाली के सकरनी पुल के पास से 9 मई को शिक्षक मुख्तार को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। 16 मई को दिनदहाड़े हमलावरों ने स्टेशन रोड पर फायरिंग कर लोगों की जान सांसत में डाल दी। फायरिंग में निसार को गोली लगी। इसके अलावा डेरवा बाजार में घर लौट रहे युवकों के ऊपर 8 जून को फायरिंग की गई। यहां तक कार से कुचलने का भी प्रयास हुआ। इन घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल व्याप्त होता गया। 27 मई को लालगंज कोतवाली के कटरा बाजार में पूर्व जिला पंचायत सदस्यपति ओम प्रकाश सेठई को बाजार में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारी थी।

हत्याओं की गुत्थी नहीं सुलझा सकी पुलिस
जिले में सनसनीखेज हत्याओं की गुत्थी अभी तक पुलिस सुलझाने में नाकाम रही। 1/2 मई की रात घर लौटते समय अंतू थाना क्षेत्र के चौरा गांव के करीब बाइक सवार बदमाशों ने पूरे अंती चौखड़ निवासी प्रवीण की हत्या कर साथी की बाइक लूट ली। अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। जेठवारा के कानूपुर तिराहे पर बोलेरो सवार लोगों ने बीचबचाव करने वाले अतुल धुरिया की गोली मारकर हत्या कर दी। 9/10 जून की रात लालगंज कोतवाली के अझारा निवासी रितेश मिश्रा की हत्या कर दी गई। 10 जून को पट्टी कोतवाली के ढिढुई निवासी रामजियावन की बेटे बालमुकुंद ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। रानीगंज के देवगढ़ कमासिन की रहने वाली मुस्कान बानो की 09 जून की रात गलाकर दबाकर हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल है।

सुरक्षा देने वाली पुलिस भी पिट रही
अराजकतत्व कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। कानून के रखवालों का खून बहाने में भी लोग पीछे नहीं हट रहे। जेठवारा थाना क्षेत्र के भयहरणनाथधाम में निशान चढ़ाने के दौरान 8 जून को लोगों ने सिपाही को पीट दिया। होमगार्ड की वर्दी तक फाड़ डाली। 9/10 की रात मानधाता पुलिस ने जेठवारा थाना क्षेत्र के सरायभैया में लूट के आरोपी जानी सिंह को पकड़ने गए पुलिसकर्मियों पर लोगों ने हमला बोल दिया। पिटाई से दरोगा वजीउल्ला खून से लथपथ हो गया। 10 जून को शॉपिंग माल कचहरी के पास बाइक चोर को पीटने के दौरान लोगों ने डायल 100 के सिपाही से हाथापाई की।

अस्पताल में पिट रहे डॉक्टर, हो रहा बवाल
लोग अपने गुस्से पर काबू नहीं रख पा रहे हैं। लगातार चिकित्सकों पर हमला हो रहा है। कुंडा सीएचसी में अभी कुछ दिन पहले डाक्टर से लेकर स्वास्थ्यकर्मचारियों को पीटा गया था। यह मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि 10 जून की रात लालगंज सीएचसी के डाक्टर व कर्मचारी पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। जिला अस्पताल में तो आए दिन बवाल होता ही रहता है।

पुलिस की लापरवाही से हो रहा सांप्रदायिक बवाल
जिले की पुलिस हर कदम पर लापरवाही बरत रही है। छोटे मामलों की जानकारी के बाद भी उसे निस्तारित करने के बजाय पुलिस टरका देती है। मानधाता बाजार में आए दिन छोटे मामलों को लेकर दो वर्गों के लोग आमने-सामने हो जाते हैं। अंतू के गड़वारा बाजार में भी ऐसी घटना घट चुकी हैं। कोहड़ौर में पहले हुए विवाद को नजरदांज करना पुलिस के लिए सोमवार को भारी पड़ गया। रविवार को शराब पीने से रोकने पर हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को देख लेने के लिए खुली चुनौती दी थी। तय समय पर कांधरपुर मोड़ पर दोनों पक्ष आमने-सामने हुए। इस बीच फायरिंग होने लगी। गोली लगने से लोहा व्यापारी अमर सिंह का पुत्र कृष्ण कुमार घायल हो गया। बीस राउंड फायरिंग से हर कोई खौफजदा हो गया। घटना को सांप्रदायिक रूप देने का भी प्रयास कुछ लोगों ने किया। हालांकि अफसरों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए माहौल को काबू में कर लिया।


जिले में अपराध पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। बदमाशों की लगातार धरपकड़ की जा रही है। लूट की घटनाओं को अंजाम देने वालों को भी जेल भेजा जा रहा है। कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
संतोष कुमार सिंह, एसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed