फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pratapgarh News ›   सांगीपुर में सरेराह मोबाइल विक्रेता की गोली मारकर हत्या

सांगीपुर में सरेराह मोबाइल विक्रेता की गोली मारकर हत्या

Sun, 24 Feb 2019 11:40 PM IST
Allahabad Bureau इलाहाबाद ब्यूरो
Updated Sun, 24 Feb 2019 11:40 PM IST
विज्ञापन
सांगीपुर में सरेराह मोबाइल विक्रेता की गोली मारकर हत्या

विज्ञापन
फोटो-
सांगीपुर में सरेराह मोबाइल विक्रेता की गोली मारकर हत्या
निमंत्रण से लौटते समय रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने अंजाम दी वारदात
भाग निकले हत्यारोपी, मौके से पिस्टल की मैगजीन बरामद
आरोपियों की तलाश में पुलिस ने दी दबिश, संदिग्धों को उठाया
अमर उजाला ब्यूरो
घुइसरनाथ। सांगीपुर में सरेराह बाइक सवार तीन युवकों ने निमंत्रण से लौट रहे मोबाइल दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद आरोपियों की तलाश में जुट गई। कई संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ कर रही है।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के तिवारी का पुरवा रामगंज भोजपुर निवासी निखिल तिवारी (20) पुत्र राकेश तिवारी रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे पश्चिम देऊम में अपने परिवार के पुष्पेंद्र के घर आयोजित तिलकोत्सव में शामिल होने गया था। करीब आधे घंटे तक रुकने के बाद वह पश्चिम देऊम चौराहा स्थित अपनी मोबाइल की दुकान पर बाइक से चल पड़ा। चौराहे से पहले ही तीन परिचित युवकों ने उसे रोक लिया। अभी वह कुछ समझ पाता कि इससे पहले ही एक युवक ने करीब से निखिल के सीने में गोली मार दी। चूंकि तेज आवाज में साउंड बज रहा था। इसलिए किसी को फायर की आवाज नहीं सुनाई पड़ी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी कुछ दूरी पर खड़ी बाइक लेकर थरिया रोड पर भाग निकले। राहगीरों की नजर पडने पर परिवार के लोगों को जानकारी हुई। आनन-फानन में परिजन निखिल को सांगीपुर सीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद घटनास्थल से पिस्टल की मैगजीन बरामद की। पुलिस ने पश्चिम देऊम गांव से ही दो पुरुष व दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर रात मेें ही सीओ लालगंज भी मौके पर पहुंचकर छानबीन करने लगे। एसओ सांगीपुर ने बताया कि मृतक के पिता तहरीर पर चंदन तिवारी पुत्र राजेंद्र प्रसाद तिवारी निवासी देऊम पश्चिम, सौरभ सिंह पुत्र सुनील सिंह निवासी पिचूरा पूरे रामबक्स व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन

इनसेट------
पिता ने चाय तो बेटे ने खोली थी मोबाइल की दुकान
पश्चिम देऊम चौराहे पर राकेश तिवारी ने चाय की दुकान खोल रखी है। कुछ माह पहले बेटे निखिल ने भी पिता के चाय की दुकान के बगल मोबाइल की दुकान खोल ली थी। मोबाइल रिपेयरिंग के साथ ही रिचार्ज कूपन भी बेचता था। परिवार के लोग भी इस बात से हैरत में हैं कि निखिल की किसी से कोई दुश्मनी नही थी। पिता राकेश भी अपने बेटे पर बराबर नजर रखता था।
विज्ञापन
विज्ञापन

इनसेट----
खाना खाने के लिए आने की बात कहकर निकला था निखिल
परिवार के सदस्य पुष्पेंद्र के घर तिलकोत्सव में शामिल होने के बाद निखिल सभी के साथ घूमता रहा। कुछ साथियों के साथ फोटो भी खिंचाई। वह दुकान बंद कर लौटने व खाना खाने के बाद ही घर जाने की बात कहकर निकला था लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
इनसेट-----
आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस
सांगीपुर थाने के पश्चिम देऊम चौराहे के करीब मोबाइल दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना के बाद करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुट गई। लोगों में पुलिस के विलंब से पहुंचने को लेकर आक्रोश देखने को मिला।
इनसेट------
20 मिनट तक सड़क ही था पड़ा था निखिल
सांगीपुर थाना क्षेत्र के भोजपुर निवासी निखिल तिवारी को गोली मारकर बदमाश भाग निकले। किसी को भनक नहीं लगी। चूंकि घटनास्थल के करीब ही तेज आवाज में फिल्मी गाना बज रहा था। जिससे लोग फायर की आवाज नहीं सुन सके। निखिल बीस मिनट तक सडक़ पर गिरकर तड़पता रहा। राहगीरों की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल की ओर भागे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

बहुत बड़े गुंडा बनते हो कहकर मारी गोली
दोस्तों की मदद व आशनाई की हत्या को वजह मान रही पुलिस
दोस्तों के मामलों में निखिल देता था पूरा दखल, हत्यारों के साथ था निखिल का साथी भी
अमर उजाला ब्यूरो
घुइसरनाथ। मोबाइल विक्रेता निखिल तिवारी की सरेराह गोली मारकर हत्या करने के मामले में भले ही पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों को नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धरपकड़ शुरू कर दी है। मगर पुलिस घटना को दोस्तों की मदद और आशनाई से जोड़कर देख रही है।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के तिवारी का पुरवा रामगंज भोजपुर निवासी निखिल तिवारी की गोली मारकर हत्या के बाद सांगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार के साथ ही दूसरे लोगों से घटना की जानकारी करने लगी लेकिन कोई भी निखिल की किसी से कोई दुश्मनी न होने की बात बता रहा था। एसओ सांगीपुर का कहना था कि निखिल की हत्या की छानबीन में दो कारण अभी तक सामने आ रहे हैं। निखिल अपने दोस्तों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहता था। दूसरा किसी दोस्त के आशनाई के मामले में उसने दखल दिया हो। जिससे लोग उसी को रास्ते का रोड़ा मान बैठे। जबकि मृतक के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि आरोपी चंदन व सौरभ ने उसे रोक लिया। गाली देते हुए बोले कि बहुत बड़े गुंडे बनते हो। इतना कहकर सौरभ ने उसके सीने में तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद अज्ञात साथी की बाइक पर बैठकर भाग निकले। फिलहाल पुलिस हर बिंदुओं पर छानबीन करते हुए दोस्तों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को शंका है कि घटना के दौरान निखिल का साथी भी मौजूद था।



फोटो-
सड़क निर्माण के लिए लगाया जाम, सदर विधायक को लौटाया
प्रतापगढ़। नया माल गोदाम रोड के निर्माण की मांग को लेकर शनिवार दोपहर नागरिकों ने भंगवा चुंगी के पास जाम लगा दिया। आक्रोशित लोग जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। भंगवा चुंगी से लेकर रेलवे क्रासिंग तक बदहाल मार्ग को लेकर नागरिकों का आंदोलन लगातार चलता रहता है। शनिवार को भी नागरिकों ने जाम लगा दिया। इस बीच मौके पर पहुंचे सदर विधायक संगमलाल गुप्ता ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उनका आश्वासन सुनने को कोई तैयार नहीं था। जिसके चलते विधायक को वहां से बैरंग लौटना पड़ा। करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने जाम खुलवाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed