एक ही परिवार के पांच लोगों की एक साथ जलीं चिताएं, चीत्कार से नम हो गई हर आंख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कंधई इलाके के पिपरी खालसा गांव में हुए हादसे में सिपाही समेत पांच लोगों की मौत के बाद शवों के खजोहरी गांव पहुंचने पर हर तरफ चीखपुकार मच गई। एक साथ पांच लाशें देख और परिवारीजनों की चीत्कार सुनकर ग्रामीणों का कलेजा मुंह को आ गया। रात से ही रोते-रोते परिवार के लोगों की आंखें पथरा गई थीं। बाद में चालक का शव उसके नए घर ले जाया गया। शाम को सभी का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक साथ पांच लोगों की चिता जलने से लोगों का कलेजा दहल गया।
कंधई के पिपरी खालसा में रविवार रात कार से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर बोलेरो पेड़ से टकरा गई। जिससे बोलेरो सवार सिपाही संदीप समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंचे कंधई थाने के सिपाही ने संदीप के मोबाइल से रिश्तेदार को फोन कर घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लोग भागकर अस्पताल पहुंचे।
यहां एक साथ पांच शवों को देख लोगों की रूह कांप उठी। पुलिस ने शवों को मर्चरी भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद सिपाही संदीप, उसके चचेरे भाई अखिलेश व परिवार के राहुल उर्फ अमरेंद्र और संदीप यादव के शवों को एंबुलेंस से मानधाता पुलिस की निगरानी में खजोहरी भेजा गया। जबकि दूसरी एंबुलेंस से चालक पप्पू का शव आईटीआई के पीछे ले जाया गया। परिवार के लोग पैतृक गांव खजोहरी जाने के लिए तैयार नहीं हुए। शवों के पहुंचते ही परिवार के लोग बिलखने लगे।
दिन में मंगनी, रात में सिपाही की हो गई मौत
नगर कोतवाली के खजोहरी निवासी संदीप कुमार यादव पुत्र विश्वनाथ यादव चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। संदीप के पिता विश्वनाथ वन विभाग में दरोगा के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। संदीप वर्ष 2013 में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। हालांकि मामला कोर्ट में जाने के बाद तीन साल पहले ही उसे तैनाती मिली थी। मौजूदा समय में उसकी तैनाती मऊ जनपद की नगर कोतवाली में थी। परिवार के लोगों ने रूपापुर की रहने वाली सुप्रिया यादव से उसकी शादी तय की थी।