अधिवक्ता दंपती को बंधक बनाकर लूटने वाले तीन लुटेरे गिरफ्तार, किए कई चौंकाने वाले खुलासे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई मंडी में नोटरी अधिवक्ता उर्मिला शर्मा व उनके पति डॉ. प्रेमदत्त शर्मा को बंधक बनाकर की गई लूटपाट के साथ ही अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की पत्नी से चेन लूट की वारदात में शामिल तीन लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरों ने तीन अन्य वारदातों का भी खुलासा किया है, जिनके पास से 3.50 लाख कैश के साथ ही दो तमंचे-कारतूस व चाकू, लूटे गए जेवरात, वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में बुधवार शाम प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी सतपाल आंतिल व सीओ मंडी योगेंद्र सिंह ने बताया कि नई मंडी में तीन जून की सुबह अधिवक्ता दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की गई थी। अगले ही दिन अधिवक्ता की पत्नी से अंसारी रोड पर चेन लूट की गई थी। उक्त दोनों घटनाओं के खुुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, नई मंडी व सिविल लाइंस थाने की पांच सयुंक्त टीमों का गठन किया गया था।
एसपी सिटी ने बताया कि बुधवार शाम के समय पचैंडा कट से सूचना के आधार पर तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें अंकित निवासी नयागांव बल्लूपुरा, छपार, शादाब निवासी छपार और मोनू निवासी अमित विहार कूकड़ा शामिल हैं। तीनों के पास से दो तमंचे-कारतूस, एक चाकू, 3.50 लाख रुपये नकद, दो पीली धातु की चेन, एक जोड़ी कुंडल, एक मोबाइल और वारदातों में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की गई।
उक्त तीनों लुटेरों ने ही अधिवक्ताओं के साथ हुईं दोनों वारदातों को अंजाम दिया था। इनके अलावा, लुटेरों ने 17 मई को छपार में भारत फाइनेंस के कर्मचारी से नकदी लूट, 13 मई को महिला से नई मंडी में चेन लूट, एक जून को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में महिला से पर्स व मोबाइल लूट को भी अंजाम दिया था। उक्त तीनों वारदातों में लूटे गए कुछ सामान को भी बरामद किया गया है।
लूट के खुलासे के लिए कलमबंद हड़ताल पर थे अधिवक्ता
नई मंडी में नोटरी अधिवक्ता उर्मिला शर्मा के घर में और वरिष्ठ अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की पत्नी से चेन लूट की वारदातों को लेकर जिला बार व सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता लगातार आंदोलनरत हैं। मंगलवार को अधिवक्ताओं ने पुलिस ऑफिस पर जमकर हंगामा भी किया था। इसके साथ ही मंगलवार से कलमबंद हड़ताल रखते हुए न्यायिक कार्यों के बहिष्कार की भी घोषणा की हुई थी।
करीब तीन हजार सीडीआर चेक और वीटीएस से मिलान कर दबोचे लुटेरे
अधिवक्ताओं समेत महज सवा महीने में पांच बड़ी लूटपाट की वारदातों को अंजाम देकर खाकी के रडार पर आए लुटेरों तक पहुंचने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस लाइन स्थित सभागार में बुधवार शाम प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी सतपाल आंतिल ने बताया कि करीब सवा महीने में ही लुटेरों ने पांच लूटपाट की घटनाएं की थीं। इनमें से चार घटनाएं आरोपियों ने शहर क्षेत्र में अंजाम दी थीं, जिसके चलते यह लुटेरा गिरोह पुलिस के रडार पर आ गया था।
लुटेरे गिरोह को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया था। इसके साथ ही एक गोपनीय टीम को भी काम पर लगाया गया था। इन टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास करीब एक दर्जन स्थानों से सर्विलांस का डाटा कलेक्ट किया गया। उक्त घटनास्थलों के आसपास वारदात के समय मिलने वाली करीब तीन हजार सीडीआर चेक की गई, जबकि 60 से अधिक सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई। इसके बाद कहीं जाकर उक्त लुटेरों तक पहुंचा जा सका, जिनके कब्जे से सवा महीने में अंजाम दी गई सभी पांचों लूट का कुछ न कुछ सामान बरामद किया गया है।
कपड़ों की फेरी लगाने के बहाने शादाब करता था रेकी
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरों में शामिल एक आरोपी की बहन की शादी शहर के मंडी क्षेत्र में हुई है, जिसके चलते वह बार-बार शहर में आता था। वहीं, शादाब कपड़ों की फेरी लगाता है, जो फेरी के बहाने घटना को अंजाम देने से पहले रेकी करता था। नोटरी अधिवक्ता उर्मिला शर्मा के घर में लूटपाट को अंजाम देने से पहले भी शादाब ने ही अच्छी तरह से उनके घर की रेकी की थी, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों को यह नहीं मालूम कि नोटरी अधिवक्ता के घर से कितना कैश और जेवरात उनके हाथ लगे। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों ने हरिद्वार, रुड़की व सहारनपुर में भी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है, जिनका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
सभी आरोपियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
इंस्पेक्टर नई मंडी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लुटेरे अंकित, शादाब व मोनू शातिर अपराधी हैं। उक्त तीनों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से शादाब छपार थाने से और मोनू नई मंडी थाने से वांछित भी चल रहा है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/