मुजफ्फरनगर: वर्चस्व की लड़ाई में युवक की गोली मारकर हत्या, भाकियू नेता सहित पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर केमंसूरपुर में एक ही खानदान के दो पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर चल रही लड़ाई में युवक विपिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने भाकियू नेता सहित पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। एक ही खानदान के दोनों पक्ष भाकियू से जुड़े हैं। सनसनीखेज वारदात से गांव में दहशत पसर गई।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी कंवरपाल और धनसेठ पक्ष के बीच काफी समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। दो दिन पूर्व गांव में भाकियू की बैठक थी। इस दौरान भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के समक्ष खतौली की एक महिला ने पहुंचकर धनसेठ पक्ष की शिकायत की थी। इसमें धनसेठ पक्ष कंवरपाल पक्ष के चंदर पर शक जता रहा था।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे इसी बात को लेकर धनसेठ ने चंदर को अपने घर के बाहर रोककर कहासुनी कर दी। शोरशराबा सुनकर कंवरपाल पहुंचा, तो दोनों से मारपीट कर दी गई। इस पर कंवरपाल और चंदर शिकायत करने सोंहजनी तगान चौकी चले गए।
उधर, मारपीट की सूचना पर खेत में मौजूद कंवरपाल का बेटा विपिन (30) चचेरे भाई अंकित के साथ घर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच संघर्ष के साथ ही पथराव भी हो गया। पथराव में धनसेठ के घायल होने पर उनके द्वारा सीधी फायरिंग कर दी गई, जिसमें सीने में गोली लगने से विपिन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, माथे से गोली छूकर निकलने से अंकित भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर एसपी सिटी सतपाल आंतिल मंसूरपुर, खतौली व शाहपुर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। एसएसपी अभिषेक यादव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कंवरपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी धनसेठ, राजा, अवि, परवेंद्र व लंबरदार के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने घायल धनसेठ को हिरासत में ले लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।