Meerut Crime Report: कार चलाना सीख रहे युवक ने लोगों को कुचला, एक की मौत, मुठभेड़ में छह गोतस्कर गिरफ्तार
मेरठ मेडिकल की सिद्धार्थ नगर काॅलोनी में कार सीख रहे युवक ने गाड़ी सड़क किनारे ताश खेल रहे लोगों पर चढ़ा दी। सदर बाजार थाना क्षेत्र में व्हीलर क्लब के पास स्कूटी सवार रोडवेज बस परिचालक को गाड़ी ने टक्कर मार दी। पढ़ें अपराध के मुख्य समाचार।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ मेडिकल की सिद्धार्थ नगर काॅलोनी में कार सीख रहे युवक ने गाड़ी सड़क किनारे ताश खेल रहे लोगों पर चढ़ा दी। हादसे में ताश खेल रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई, दूसरे की हालत गंभीर है। भीड़ ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई की। आरोपी के खिलाफ मेडिकल थाने में लापरवाही से गाड़ी चलाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मेडिकल थाना क्षेत्र की सिद्धार्थनगर काॅलोनी में सोमवार दोपहर लोग सड़क किनारे ताश खेल रहे थे। शेरगढ़ी निवासी सागर पुत्र स्वराज वैगनआर से ड्राइविंग सीख रहा था। अचानक सागर ने कार के स्पीड पैडल पर पैरा दबा दिया। तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और सागर ने कार ताश खेल रहे लोगों पर चढ़ा दी।
वैगनआर का पहिया मनोज कुमार और हरीश निवासी लक्ष्मीपुरम शास्त्रीनगर के ऊपर से उतर गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों ने सागर को पकड़कर उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। सूचना पर मेडिकल पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह सागर को छुड़ाया। घायलों को कुटी चौराहा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मनोज को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हरीश का उपचार चल रहा है, उसकी हालत भी गंभीर है। मेडिकल थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि आरोपी सागर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गाड़ी ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, मफलर उलझने से गर्दन कटी
सदर बाजार थाना क्षेत्र में व्हीलर क्लब के पास स्कूटी सवार रोडवेज बस परिचालक को गाड़ी ने टक्कर मार दी। मफलर उलझने से काफी दूर तक परिचालक को गाड़ी घसीटते हुए ले गई, जिससे उसकी गर्दन कट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव मोर्चरी भेजकर घटना की सूचना परिजनों को दी।
दौराला के पबरसा गांव निवासी शैलेंद्र पंवार रोडवेज में परिचालक थे। सोमवार रात करीब 11 बजे वह स्कूटी से माल रोड से जा रहे थे। व्हीलर क्लब के निकट पीछे से आ रही एक गाड़ी ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इसी वाहन में शैलेंद्र का मफलर उलझ गया। जिससे वह काफी दूर तक घिसटते चले गए और उनकी गर्दन कट गई। राहगीरों ने पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी। सदर बाजार और लालकुर्ती दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सदर थाना प्रभारी का कहना है कि अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसे पहचाना जाएगा।
लोहियानगर पुलिस और सर्विलास टीम की गोस्तकरों से मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने इस तस्कर के साथ ही उसके पांच और साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कार, तमंचा और पशु कटान के उपकरण बरामद किए गए। तस्करों ने बताया कि उन्होंने परीक्षितगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में गोकशी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस के मुताबिक एक सूचना पर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम चिंदौड़ी पुलिया जलालपुर के पास पहुंची। यहां एक कार में सवार लोगों को रोकर पूछताछ की कोशिश की गई तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों से हुई मुठभेड़ के बाद किला परीक्षितगढ़ निवासी साबिर पुत्र तहसीम के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके साथी लिसाड़ीगेट निवासी यामीन, किला परीक्षितगढ़ निवासी रिहान, परवेज, अनस और साबिर को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि पांच फरवरी की रात गांव बाजौट के जंगल में इन्होंने गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। इससे पहले 31 जनवरी की रात भी परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सोना और आठ सितंबर की रात गांव ऐंची खुर्द में गोकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
इस मामले में सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। आरोपियों ने बताया कि परीक्षितगढ़ में हुई घटनाओं में इनके अलावा सावेज पुत्र साबिर, सुहेल पुत्र साबिर निवासी खजूरी भी शामिल थे।
खाते में पैसे भेजने का झांसा देकर साइबर ठगों ने महिला से 98 हजार रुपये की ठगी कर ली। एसएसपी के आदेश पर महिला ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। गंगानगर निवासी स्वाति ने बताया कि उसके पति अधिवक्ता हैं। 17 फरवरी को उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई।
कॉल करने वाले ने कहा कि आपके पति ने 12 हजार रुपये ऑनलाइन डालने के लिए कहा है। पति अक्सर उनके खाते में ऑनलाइन पैसा डलवा देते हैं। इसके चलते कोई शक नहीं हुआ।
कॉल करने वाले ने पहले 10 हजार रुपये का मेसेज भेजा और कहा कि दो हजार रुपये और भेज रहा हूं। इसके बाद उसने कहा कि दो हजार रुपये की जगह गलती से 20 हजार रुपये चले गए हैं। बाकी रुपये वापस लौटा दो। महिला ने उसके खाते में 18 हजार रुपये डाल दिए।
इसके बाद भी कई बार ऐसे ही ऑनलाइन लेनदेन करा लिया। इस तरह महिला के खाते से कुल 98 हजार रुपये ठग लिए गए। ट्रांजेक्शन लिमिट खत्म होने और फर्जी मेसेज आने का पता चलने के बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। आरोप है कि जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने सड़क पर गोली मारने की धमकी दी।
टीपीनगर थाना क्षेत्र में रोहटा रोड स्थित गगन विहार में सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी जितेंद्र के परिवार पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों में दिल्ली पुलिस में तैनात भाई और उसके परिवार वाले शामिल हैं। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोप है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
गगन विहार निवासी शिवानी तोमर ने बताया कि उसके पिता जितेंद्र सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनके ताऊ बिजेंद्र दिल्ली पुलिस में तैनात हैं और उनके परिवार से रंजिश रखते हैं। आरोप है कि ताऊ, ताई रेखा, उनके पुत्र अंकुर ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके घर में घुसकर ईंट से हमला कर दिया। इसमें माता-पिता और भाई घायल हो गए। ताऊ और ताई मां के साथ मारपीट की।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि पुलिस ने जानलेवा हमले की जगह मारपीट की धारा में ही रिपोर्ट दर्ज की। उन्होंने आरोपियों पर धारा बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
युवक के खाते से रुपये उड़ाए
साइबर ठगों ने एक युवक के खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए। मोती प्रयाग कॉलोनी निवासी जितेंद्र शर्मा ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उनके खाते से दो ट्रांजेक्शन होने का मेसेज आया, जबकि उन्होंने कोई ट्रांजेक्शन नहीं की थी। पहली ट्रांजेक्शन में 99 हजार रुपये और दूसरी ट्रांजेक्शन में 999 रुपये निकाले गए। पीड़ित ने मामले की जांच कर अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
दहेज हत्या में आरोपी का घर कुर्क किया
कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में सोमवार को गोविंदपुरी निवासी शानू के घर को कुर्क कर दिया। दरअसल, लगभग एक साल पूर्व शानू की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों ने पति शानू, ससुर बेगराज व सास सरिता के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी फिलहाल जमानत पर थे। पुलिस के अनुसार आरोपी कोर्ट में तारीख पर पेश नहीं हो रहे थे। कोर्ट के आदेश को दरकिनार किया जा रहा था। सोमवार को कस्बा चौकी प्रभारी पंकज शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे। जहां पुलिस ने घर को कुर्क कर सील लगा दी।
थाने से छुड़वाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठगे
युवती को ले जाने के मामले में आरोपी को थाने से छुड़वाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव खिवाई निवासी महबूब ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया है। महबूब के मुताबिक उसके अमरोहा निवासी रिश्तेदार पर युवती को भगाने का आरोप है। इस मामले में गांव के दो युवकों ने थाने से छुड़वाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि सीओ सरधना को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित एक रिसोर्ट के बाहर स्कूटी चोरी हो गई। यहां सीसीटीवी काम नहीं कर रहे थे। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए पीड़ित ने थाने में तहरीर दी।नटेशपुरम निवासी शगुन सिंघल ने बताया कि वह रविवार को स्कूटी से हाईवे स्थित एक रिसोर्ट में शादी समारोह में गए थे। स्कूटी बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद आए तो स्कूटी नहीं मिली। मैनेजर ने बताया कि रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे नहीं चल रहे हैं। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन स्कूटी ले जाने वालों का पता नहीं चल पाया। सिंघल ने कहा कि ऐसे स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य चलने चाहिएं।
बुजुर्ग महिला से मारपीट, ग्रामीणों ने किया हंगामा
मेरठ कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के खड़ौली गांव से लोगो ने सोमवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचकर मकान के कब्जे को लेकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने एक घर में तोड़फोड़ कर बुजुर्ग महिला से मारपीट की है। आरोपी अब भी धमकी दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग महिला को हाथों में उठाकर ग्रामीण एसएसपी ऑफिस पहुंचे और हंगामा किया। लोगों ने बताया कि कुछ लोग बुजुर्ग महिला का मकान कब्जाना चाहते हैं। उन्होंने घर में तोड़फोड़ की और महिला से मारपीट की गई। आरोप है कि पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की। आरोपी लगातार पीड़ितों को धमकी दे रहे हैं।
हाईटेंशन लाइन पर हाईमास्ट का खंभा गिरा
मवाना रोड पर कसेरू बक्सर के पास हाईमास्ट लाइट का खंभा एचटी लाइन पर गिर गया। इसके चलते कसेरू बक्सर, गंगानगर बी-ब्लॉक, तिलकुपरम, पंचवटी कॉलोनी और सूर्या अस्पताल के पास की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दोपहर डेढ़ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक बिजली गुल रही।
सोमवार दोपहर अचानक तेज हवा से हाईमास्ट लाइट का खंभा पास से गुजर रही एचटी लाइन पर गिर गया। तेज धमाके के साथ ही बिजली गुल हो गई। सूचना पर विद्युत कर्मचारियों ने खंभे को हटाया और बिजली आपूर्ति को सुचारु कराया।
खंभा गिरने से सफाई कर्मचारी घायल: रशीद नगर में सोमवार को नगर निगम का सफाई कर्मचारी मनोज कार्य कर रहा था। इसी दौरान बिजली का खंभा गिरने से वह घायल हो गया।