West UP Weather: रात की आंधी-बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत, बागों और बिजली व्यवस्था को भारी नुकसान
मेरठ में बुधवार रात तेज आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि तेज हवाओं से आम और लीची के बागों को नुकसान हुआ तथा कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश से मेरठ जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिनभर पड़ रही भीषण गर्मी के बाद हुई वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और विद्युत खंभे क्षतिग्रस्त होने से जनजीवन प्रभावित हुआ।
कई इलाकों में रातभर बाधित रही बिजली
तेज आंधी के चलते देहात से लेकर शहर के कई क्षेत्रों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई स्थानों पर तार टूटने और खंभे गिरने के कारण अंधेरा छा गया, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। गुरुवार सुबह बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और मरम्मत का कार्य शुरू किया। विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक कर आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया गया।
यह भी पढ़ें: Meerut: स्कॉर्पियो सवारों ने युवक को उठाया, एटीएस कार्रवाई की चर्चा, पाकिस्तानी कनेक्शन की आशंका
आम और लीची के बागों को नुकसान
आंधी और तेज हवाओं का असर फलों के बागों पर भी देखने को मिला। कई स्थानों पर आम और लीची के कच्चे फल गिर गए, जिससे बाग मालिकों को आर्थिक नुकसान हुआ है। बागवानों का कहना है कि इस समय फल पकने की अवस्था में थे, ऐसे में तेज हवाओं के कारण बड़ी मात्रा में फल जमीन पर गिर गए।
अगले दिनों में फिर बढ़ेगा तापमान
बृहस्पतिवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप निकलने के साथ उमस का असर भी महसूस किया गया। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि फिलहाल आंधी और बारिश का दौर समाप्त हो चुका है।
उनके अनुसार अगले पांच दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में चार से पांच डिग्री तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।