West UP Weather: बादल-धूप के बीच बढ़ी उमस, गर्मी ने फिर किया बेहाल, अगले दो दिन राहत के आसार नहीं
मेरठ में मौसम लगातार बदल रहा है। बादलों और धूप के बीच उमस बढ़ने से लोगों को गर्मी का अधिक एहसास हो रहा है। अगले एक-दो दिन तक मौसम का यही रुख रहने की संभावना है।
विस्तार
जून के पहले सप्ताह में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी आसमान में बादल छा रहे हैं तो कभी तेज धूप निकल रही है। हालांकि बादलों की आवाजाही के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। वातावरण में बढ़ती नमी के कारण उमस का असर बढ़ गया है, जिससे दिनभर चिपचिपाहट और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
बादल और धूप के बीच बढ़ी परेशानी
पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना महसूस हो रहा है, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप और नमी के कारण गर्मी का असर बढ़ जाता है। आसमान में बादलों की मौजूदगी के बावजूद वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे लोगों को सामान्य से अधिक गर्मी महसूस हो रही है।
यह भी पढ़ें: UP: देवबंद से जुड़े मोहाली बम साजिश के तार, ग्राम प्रधान का भाई गिरफ्तार, पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच
अगले दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में धूप निकलती रहेगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। नमी अधिक होने के कारण उमस का प्रभाव भी बना रहेगा।
बारिश के संकेत फिलहाल नहीं
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में बारिश के स्पष्ट संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं। हालांकि बादलों की आवाजाही के कारण मौसम में हल्का बदलाव बना रह सकता है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से दोपहर के समय तेज धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य का रखें ध्यान
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती उमस के कारण शरीर में पानी की कमी और थकान की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में हल्के कपड़े पहनने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए। फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत के लिए कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।