माछरा/मुंडाली। नंगलामल शुगर मिल में चार नवंबर से पेराई सत्र शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मिल गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल शुरू कर दी गई है। मिल गेट का आवश्यक गन्ना इंडेंट भी जारी कर दिया है। इस सत्र में एक करोड़ कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है।
नंगलामल शुगर मिल के गन्ना महाप्रबंधक एलडी शर्मा ने बताया कि मिल पेराई सत्र चार नवंबर पूर्वाह्न 11 बजे चेन में गन्ना डालकर शुरू करेगी। शुगर मिल ने इस बार 117 गन्ना क्रय केन्द्र खोले हैं। गन्ना इक्टठा करने के लिए दो नवंबर से कुछ क्रय केंद्रों पर तौल शुरू की गई थी। रविवार को भी गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल शुरू हो गई है। गेट का भी इंडेंट जारी कर दिया है। सोमवार को तौल गेट पर शुरू होगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शुगर मिल को एक करोड़ कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य दिया है। मिल पूर्ण क्षमता के साथ पेराई शुरू करेगी। जिसमें किसान समय के चलते गेहूं आदि की बुवाई कर सकेंगे। उन्हें किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पडे़। उन्होंने बताया कि मेरठ, मवाना, हापुड़ आदि समितियों के माध्यम से गन्ना खरीदा जा रहा है। शीघ्र ही 17 अप्रैल तक का गन्ना मूल्य भुगतान समितियों को भेजा गया है। मिल के गन्ना महाप्रबंधक एलडी शर्मा ने किसानों से अनुरोध किया कि किसान मिल को पत्ती रहित, साफ सुथरा, गन्ना आपूर्ति करें। जिससे गन्ना पेराई करने में कोई परेशानी न उठानी पडे़।