यूपी: धर्म परिवर्तन कराने को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं का हंगामा पुलिस पर अभद्रता का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिजनौर के धामपुर थानाक्षेत्र में गांव जैतरा में ईसाई मिशनरी के लोगों द्वारा अनुसूचित जाति के परिवारों के धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलने पर पहुंचे हलके के दरोगा ने कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की। युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी डाॅ. एनपी सिंह ने समर्थकों के साथ सीओ से मिलकर इस पर विरोध जताया और कहा कि कार्यकर्ता किसी भी सूरत में धर्म परिवर्तन नहीं होने देंगे।
हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बताया कि ग्राम जैतरा में ईसाई मिशीनरी के लोगों की ओर से गांव स्थित दलित बस्ती में काफी समय से धार्मिक आयोजन किया जा रहा था। बुधवार को ईसाई मिशनरी के कुछ लोग एक घर में पहुंच गए और बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र कर बाइबिल के बारे में विस्तार से जानकारी देने लगे।
इसकी जानकारी मिलने पर हिंदू युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष मनोज चौहान कार्यकर्ता के साथ मौके पर पहुंचे और प्रार्थना सभा स्थल पर पहुंचकर धर्मांतरण का विरोध कर नारेबाजी शुरू कर दी।
इस दौरान हिंदूवादी संगठन व मौजूद लोगों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। हंगामा बढ़ता देख ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। हल्का दरोगा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई करने को लेकर जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों पर माहौल खराब करने का आरोप लगाकर अभद्रता की। इस दौरान मौका पाकर ईसाई मिशनरी के लोग फरार हो गए।
जानकारी मिलने पर मंडल प्रभारी डा. एनपी सिंह कार्यकर्ताओं को साथ लेकर सीओ अजय कुमार अग्रवाल से मिले और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। डा. एनपी सिंह, मनोज चौहान, शिवसेना प्रदेश संयुक्त सचिव विजय कुमार जैन ने कहा कि ईसाई मिशनरी द्वारा हिंदू धर्म के लोगों को बहला फुसलाकर और लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है।
ईसाई मिशनरी के लोगों को नोटिस : सीओ
सीओ अजय कुमार अग्रवाल का कहना है कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। ईसाई मिशनरी के कई लोगों को नोटिस जारी कर हिदायत दी गई कि इस प्रकार का कोई भी कार्यक्रम करने को उनके क्षेत्र में न आएं। नहीं तो रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई होगी। कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता के आरोपों को गलत बताया है।