यूपी: बच्ची को इंसाफ दिलाने सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे, पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम
यूपी के बागपत में बच्ची की हत्या से लोगों के बीच आक्रोश है। इंसाफ के लिए स्कूली बच्चे सड़क पर उतरे और पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कस्बे के विभिन्न मार्गों से गुजरे और पहले थाने और फिर चौकी पहुंचकर वारदात के खुलासे की मांग रखी। चेतावनी दी यदि दो दिन में खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू होगा। इस दौरान कस्बे में पुलिस तैनात रही।
सवालों के घेरे में पुलिस की कार्यप्रणाली
कक्षा पांच की छात्रा की हत्या से हर कोई हैरान है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। होली चाइल्ड एकेडमी के छात्र-छात्राएं मृतका को न्याय दिलाने के लिए शनिवार को सड़क पर उतरे आए। स्कूल से रेलवे रोड होते हुए थाने पहुंचे यहां शिक्षकों ने पुलिस अधिकारियों से वारदात के खुलासे की मांग रखी। इस दौरान थाने में काफी देर तक हंगामे की स्थिति रही। इसके बाद स्कूली बच्चे कतारबद्ध होकर मोहल्ला अहिरान होते हुए पुलिस चौकी पहुंचे, यहां चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से वारदात के खुलासे की मांग की।
पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम देकर कहा यदि छात्रा हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ तो स्कूली बच्चे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इसके बाद बच्चे स्कूल लौट गए। खेकड़ा थाना प्रभारी एसपी सिंह ने बच्चों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। एसपी शैलेश पांडेय का कहना है कि पुलिस की जांच तेज गति से चल रही है। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। जल्द ही वारदात का खुलासा होगा। दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा।
10 संदिग्ध हिरासत में, पुलिस के हाथ खाली
दस साल की बालिका की हत्या में पुलिस ने 10 संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले रखा है। इनसे पुलिस की टीम अलग-अलग स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है। लेकिन अभी तक कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लगा है।
क्या है मामला
कक्षा पांच की छात्रा अपनी बहन के साथ बाजार में कॉपी खरीदने गई। बुधवार को बाजार बंद होने के कारण कॉपी नहीं मिली। बच्ची को घर जाने के लिए कहकर बड़ी बहन ट्यूशन में चली गई, लेकिन इसके बाद कक्षा पांच की छात्रा घर नहीं लौटी। बृहस्पतिवार शाम के समय बोरे में बंद बच्ची की लाश मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची के साथ दरिंदगी की। इससे लोगों के बीच आक्रोश पनप रहा है।
सहमे अभिभावक, घर से बाहर कैसे भेजे बेटियों को
वारदात के बाद अधिकांश अभिभावक सहमे हुए हैं। घर से बाहर बेटी को कैसे भेजे। कक्षा पांच की छात्रा की जिस तरह दरिंदगी के बाद हत्या की गई, उससे अभिभावक परेशान हैं। बेटी को घर से बाहर भेजते हुए चिंता सताने लगती है। पुलिस पर भी लोगों का भरोसा उठ रहा है। शनिवार को भी कसबे में कई जगह पुलिस तैनात रही। पुलिस ने कसबे में भ्रमण भी किया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/