UP: देश की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा आज से, केंद्रों पर थ्री लेयर सुरक्षा, सघन चेकिंग के बाद मिला प्रवेश
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा शुक्रवार से शुरू हो गई। मेरठ में परीक्षा के लिए दो पालियों में 35 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई जो 12 बजे तक चली। प्रवेश के दाैरान युवकों हाथ में बंधे कलावे, राखी आदि भी खुलवा दी गईं। दूसरी पाली की परीक्षा तीन बजे से शुरू हुई जो पांच बजे तक होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहली पाली की परीक्षा के लिए सुबह आठ बजे से मोदीपुरम के डीएमजी इंटर कॉलेज में पुलिस की परीक्षा देने आए छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से पहले पुलिस महिला कांस्टेबल व पुरुष कांस्टेबल द्वारा छात्र-छात्राओं की सघन चैकिंग करने के बाद परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति दी गई। पुलिस द्वारा यह भी चेतावनी दी जा रही है कि परीक्षा देने आए छात्र-छात्राएं केवल तीन ही चीज परीक्षा केंद्र के अंदर ले जा सकते हैं एक आधार कार्ड, पैन और अपना एडमिट कार्ड। युवको के हाथ में बंधी राखियां, कलावे, ब्रासलेट आदि भी खुलवा दिए गए।
सभी केंद्रों पर सुबह आठ बजे से एंट्री शुरू कर दी गई। कॉलेज के बाहर दोनों गेटों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। पल्लवपुरम थाना पुलिस तैनात है। प्रधानाचार्य डॉक्टर आरके सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर नकल को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है।
परीक्षा को लेकर आईजी नचिकेता झा ने गुरुवार शाम को अधिकारियों के साथ बैठक भी की। आज परीक्षा केंद्रों पर डीएम, एसएसपी ने भी पहुंचकर जायजा लिया।
मेरठ के एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि थ्रीलेयर सुरक्षा के बीच परीक्षा कराई जा रही है। सीसीटीवी दो दिन पहले ही लाइव कर दिए गए हैं। इनकी निगरानी तीन कंट्रोल रूम से की जाएगी। केंद्रों पर अभ्यर्थियों के फोटो आदि मिलान के लिए आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। आधार की ओटीपी के जरिए जांच होगी। इमरजेंसी में छह बाइक दस्ते भी बनाए गए हैं।
36 सेक्टर मजिस्ट्रेट ट्रेजरी से प्रश्न-पत्र केंद्र तक पहुंचाएंगे। केंद्र व्यवस्थापकों के अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सीओ-इंस्पेक्टर को केंद्रों पर लगाया गया है। ट्रेजरी के स्ट्रांग रूम से लेकर केंद्र पर पेपर का लिफाफा खोले जाने की वीडियोग्राफी सीसीटीवी के सामने होगी।
अनुचित साधन पर मुकदमा, एक करोड़ के जुर्माने का प्रावधान
परीक्षा में गड़बड़ी न हो इसको लेकर जेलों में बंद और जमानत पर छूटे 192 नकल माफियाओं की निगरानी के साथ सभी को पांच-पांच लाख रुपये के मुचलके में पाबंद किया गया है। अगर कोई परीक्षा में नकल कराते हुए या नकल करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ उप्र सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) विधेयक-2024 के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इसमें 10 वर्ष की सजा के साथ एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
वाहन की चाबी भी प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रोनिक्स उपकरण के साथ ही बाइक या कार की चाबी ले जाने की भी अनुमति नहीं है। कागज, पेंसिल बाॅक्स, कैलकुलेटर, पर्स, चश्मा, कैप, ज्वेलरी, खाने का सामान, मोबाइल, पेन ड्राइव, कैमरा, घड़ी, बाइक या कार की चाबी, डिजिटल पेन और हाथ पर बैंड प्रतिबंधित है।
कोई परेशानी आ रही हो तो इस नंबर पर करें कॉल
परीक्षा के नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा में अगर किसी को कोई परेशानी आ रही है तो इसके लिए मोबाइल नंबर 9454401913 पर कॉल करें। परीक्षा 23 के अलावा 24, 25, 30 व 31 अगस्त को भी दो पालियों में होगी।
एसटीएफ भी कर रही निगरानी
परीक्षा को लेेकर एसटीएफ भी निगरानी कर रही है। सैकड़ों नंबरों को सर्विलांस पर लेकर मॉनीटरिंग की जा रही है। कई स्थानों पर ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।
मेरठ में इन जिलों के अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
मेरठ में गौतमबुद्धनगर, हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बिजनौर, अमरोहा जिले के अलावा बिहार और मध्य प्रदेश के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
किसी के झांसे में न आएं। अगर कोई सोशल मीडिया पर नकल कराने आदि को लेकर अफवाह फैलाता है, तो उसकी सूचना पुलिस को दें। -डीके ठाकुर, एडीजी मेरठ जोन
बिजनाैर में जांच के बाद मिला अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश
बिजनौरमें पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा जनपद में आज से शुरू हो गई। आज जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की नजर में कराई जा रही है। पहले दिन 10,800 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सबसे बड़ा केंद्र वर्धमान कॉलेज है, यहां पर 720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। खास बात ये है कि अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले से ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिला। कड़ी सुरक्षा के बीच जांच के बाद सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिला।
शुक्रवार को प्रथम पाली में सुबह 10 बजे शुरू हुई जो 12 बजे तक और द्वितीय पाली 3 से 5 बजे तक होगी। अभ्यर्थी का परीक्षा केंद्र पर प्रवेश परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले तक ही होगा । पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मुस्तैद है। परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा परीक्षा केंद्रों के प्रभारी और व्यवस्था में लगे अन्य अधिकारी शामिल हैं। अफसरों के अनुसार परीक्षा 23 अगस्त, 24 अगस्त, 25 अगस्त, 30 अगस्त और 31 अगस्त को दो-दो पालियों में परीक्षा होगी।
इन केंद्रों पर हो रही पुलिस परीक्षा, किस केंद्र पर कितने अभ्यर्थी
परीक्षा केंद्र- अभ्यर्थी
आर्य वैदिक कन्या इंटर काॅलेज- 384
बिजनौर इंटर कॉलेज बिजनौर- 240
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज झालू- 480
जीजीआईसी बिजनौर- 456
राजकीय पॉलिटेक्निक बिजनौर- 384
ह्दयानंद सार्वजनिक इंटर कॉलेज झालू- 432
केपीएस कन्या इंटर कॉलेज बिजनौर- 480
किसान इंटर कॉलेज मंडावली- 480
किसान इंटर कॉलेज पीली चौकी बिजनौर-384
आरबीडी महिला महाविद्यालय बिजनौर- 480
आजेपी बिजनौर- 480
वर्धमान कॉलेज बिजनौर- 720
शामली जिले में 13 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू कराई गई। दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रत्येक पाली में 5040 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा। पांच दिन तक चलेगी परीक्षा। परीक्षा के दौरान एसपी और डीएम ने भी जायजा लिया ।