फैमिली गैंग का पर्दाफाश, बुर्का पहन देती थी वारदात को अंजाम, 40 लाख का सोना समेत 5 दबोचे
मुजफ्फरनगर पुलिस ने शहर के भगत सिंह रोड स्थित जय शिव ज्वेलर्स से 40 लाख की चोरी को अंजाम देने वाले फैमिली गैंग का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार मेरठ के खरखौदा निवासी फैमिली गैंग ने की थी। गैंग लीडर समेत चार महिलाओं के साथ ही उनसे चोरी का माल खरीदने वाले मेरठ के सराफ को भी गिरफ्तार कर लिया है। चोरी के जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं।
शहर कोतवाली में मंगलवार को प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि भगत सिंह रोड स्थित जय शिव ज्वैलर्स के यहां 20 सितंबर को महिलाओं ने करीब सवा किलो सोने के जेवर से भरा बॉक्स चोरी कर लिया था। मामले की जांच में लगी क्राइम ब्रांच व शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात मीनाक्षी चौक के पास से चार महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार महिलाओं में मेरठ के खरखौदा क्षेत्र के गांव नरहेड़ा निवासी बदरजहां उर्फ बलर पत्नी नूर, नूरजहां उर्फ नूरी पत्नी उम्मेद व रोशन पत्नी आसिफ निवासीगण लिसाड़ी गेट मेरठ, फराह दीवा उर्फ सन्नर पत्नी तारिक निवासी दरगाह शरीफ गढ़मुक्तेश्वर हापुड़ और अजीम पुत्र हाजी यामीन निवासी सद्दीकनगर लिसाड़ी गेट शामिल हैं। एसपी सिटी ने बताया कि उक्त सभी महिलाओं ने ही ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं, मेरठ के सद्दीकनगर निवासी सराफ अजीम ने ही उक्त महिला गैंग से चोरी किया गया माल खरीदा था।
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं के गैंग के पांच सदस्य अभी फरार हैं, जिनमें मुरादनगर निवासी दरक्षा पत्नी फरीद, कौसर उर्फ बूटन पत्नी दिलशाद निवासी ऊंचा कोट बुलंदशहर, कल्लो पत्नी आसिफ हापुड़ अड्डे के पास लिसाड़ी गेट, उम्मेद व उसका पिता अब्दुल कलाम निवासीगण लिसाड़ी गेट मेरठ शामिल हैं।
उक्त सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी की गई 15 चेन, नौ पेंडेंट, चार जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी पायल व दो अंगुठियां बरामद की गईं हैं। एसपी सिटी ने वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम का भी हौसला बढ़ाया।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
भगत सिंह रोड, घासमंडी चौराहे के पास स्थित जय शिव ज्वेलर्स के यहां 20 सितंबर की दोपहर 3.30 बजे दो-दो के ग्रुप में बुर्का पहनकर पहुंचीं चार महिलाओं ने सराफ को बातों में उलझाकर करीब 40 लाख रुपये कीमत की सवा किलो सोने की ज्वेलरी का बॉक्स साफ कर दिया था।
पीड़ित सुशील कुमार की सूचना पर पुलिस ने जांच की तो महिलाएं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी करती हुई कैद पाई गईं। बताया जा रहा है कि उक्त महिलाएं एक गैंग के रूप में काम करती हैं, जिन्होंने इससे पहले भी इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है। इससे पहले वे बुर्का पहने होने के चलते पहचान में नहीं आने से बच निकलतीं थीं, लेकिन इस बार वे क्राइम ब्रांच को धोखा नहीं दे सकीं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/