Meerut: यूपी पुलिस के सिपाही पर युवक से अनैतिक कृत्य का आरोप, हरिद्वार ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप
मेरठ के परतापुर निवासी एक युवक ने यूपी पुलिस के एक सिपाही और उसके दो साथियों पर नशीला पदार्थ देकर उसके साथ अनैतिक कृत्य करने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि उसे हरिद्वार ले जाकर घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर निवासी एक युवक ने यूपी पुलिस में तैनात एक सिपाही और उसके दो मित्रों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है और न्याय की मांग की है।
दोस्त बनाकर ले गए हरिद्वार
पीड़ित ने बताया कि 5 नवंबर को उसका परिचित, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है, उसे गाड़ी में घूमाने की बात कहकर घर से ले गया। साथ में उसके दो अन्य दोस्त भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर युवक को हरिद्वार की ओर ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: कातिल पत्नी का कबूलनामा: प्रेमी लाया था नींद की गोलियां, बाइक पर 15 किमी लेकर जिंदा नहर में फेंका पति
पेय-पदार्थ में नशीला तत्व मिलाने का आरोप
युवक का कहना है कि यात्रा के दौरान उसे शराब के साथ नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और उसे होश पर नियंत्रण नहीं रहा। इसी दौरान उसके साथ जबरन गलत तरीके से अनैतिक कृत्य किए गए।
मेरठ लाकर छोड़ कर हुए फरार
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने घटना के बाद उसे मेरठ के परतापुर क्षेत्र स्थित गोपाल रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए। होश में आने पर युवक ने परिजनों को जानकारी दी और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी
परतापुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। युवक के बयान, मेडिकल परीक्षण और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि आरोप गंभीर हैं और निष्पक्ष जांच की जा रही है।