फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   UP Election 2022 Phase 1 Voting Start: Voting has started for 19 assembly seats in western UP and police force has been deployed everywhere

UP Election 2022 Phase-1 Voting: पढ़िए पश्चिमी यूपी में कहां कितने फीसदी हुआ मतदान, सपा ने कैराना में लगाया ये आरोप

Thu, 10 Feb 2022 08:02 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ
अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ Published by: कपिल kapil Updated Thu, 10 Feb 2022 08:02 PM IST
सार

कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार को पश्चिमी यूपी की 19 सीटों पर मतदान हुआ। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं मेरठ में शाम छह बजे तक 65.39 प्रतिशत मतदान हुआ।

विज्ञापन
UP Election 2022 Phase 1 Voting Start: Voting has started for 19 assembly seats in western UP and police force has been deployed everywhere
मतदान करने पहुंचे मतदाता - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पश्चिमी यूपी की 19 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान हुआ। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंजताम किए गए थे। वहीं फैसले की घड़ी में मतदाताओं ने खूब उत्साह दिखाया। सुबह घना कोहरा होने के कारण मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दोपहर एक बजे के बाद तेजी से मतदान हुआ। मुजफ्फरनगर के शाहपुर में विधायक उमेश मलिक ने फर्जी मतदान की सूचना पर एक युवक को पकड़ लिया पिटाई की, इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। 

विज्ञापन


मेरठ में शाम छह बजे तक 65.39% मतदान
सिवालखास - 69.00%
सरधना - 63.90%
हस्तिनापुर - 65%
किठौर - 70.13%
मेरठ कैंट - 61.02%
मेरठ शहर - 65.73%
मेरठ दक्षिण - 62.90%
----------------------------------------------------
किठौर में सर्वाधिक 70.12% प्रतिशत मतदान
मुजफ्फरनगर जिले की छह सीटों पर 66.95 फीसदी मतदान हुआ है। 2017 के सापेक्ष इस बार 0.45  प्रतिशत मतदान बढ़ा है। मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में 69.09 और खतौली विधानसभा क्षेत्र में 69.05 प्रतिशत मतदान हुआ। शामली में भी रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ है। यहां तीन विधान सभा सीटों पर 69.53 प्रतिशत मतदान हुआ। शामली में 67.33, कैराना में सर्वाधिक 73.22, थाना भवन में 68.5 प्रतिशत मतदान हुआ है। बागपत में करीब 65 प्रतिशत मतदान होने की खबर है। 
विज्ञापन


मुजफ्फरनगर - 66.95 
शामली      - 69.53
बागपत      - 65.00 


शामली में पिछले सालों के रिकॉर्ड टूटे, इस बार 69.53 फीसदी हुआ मतदान
शामली सीट पर - 67.33 प्रतिशत 
कैराना सीट पर - 73.22 प्रतिशत
थानाभवन सीट पर - 68.05 प्रतिशत


छिटपुट घटनाओं के बीच मेरठ में शाम पांच बजे तक 55.70 प्रतिशत मतदान
मेरठ जिले की सात विधानसभा सीटों पर गुरुवार को छिटपुट घटनाओं के बीच शाम पांच बजे तक 55.70 प्रतिशत मतदान हुआ। कई बूथों पर ईवीएम खराब हुई, तो कहीं ईवीएम समय से चालू नहीं हुई, जिस कारण देरी से मतदान शुरू हो सका। मशीनों में नमी होने के कारण कई स्थानों पर मॉक पोल भी नहीं हो पाया। कुछ जगहों पर रिजर्व में रखीं मशीनों को भी लगाया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


हापुड़ रोड पर देर से मशीन लगाए जाने पर सपा समर्थकों ने हंगामा किया। खैरनगर में बूथ के अंदर जाने पर सपा के शहर प्रत्याशी के पोलिंग एजेंट को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं, सरधना के सलावा गांव में लोगों ने पीठासीन अधिकारी को पीटा, विरोध करने पर सिपाही पर भी किया हमला किया। अनुसूचित जाति के लोगों ने यहां जबरन वोट न डालने देने का आरोप लगाया। शहर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी रंजन शर्मा व भाजपा प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा के समर्थकों में झड़प और मारपीट हुई। बड़ी संख्या में वोटर लिस्ट से लोगों के नाम कटे हुए मिले, जिस कारण वे वोट नहीं डाल सके और बैरंग लौटे। गांव कैली में मतदान केंद्र पर सपा प्रत्याशी के एजेंट व भाजपा प्रत्याशी के एजेंट आपस में भिड़े। पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी के एजेंट को अपनी हिरासत में लिया।

किठौर विधानसभा के बड़ौली गांव में भी सपा व भाजपा समर्थकों में कहासुनी व धक्का-मुक्की हुई। मवाना खुर्द में बूथ पर हंगामा हुआ। लोगों का आरोप था कि मतदान कर्मी ने हस्तिनापुर से सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी योगेश वर्मा के पैर छुए हैं, कार्रवाई की मांग की। 

मतदान...
सिवालखास - 52.00%
सरधना - 59.84%
हस्तिनापुर - 55%
किठौर - 56%
मेरठ कैंट - 51%
मेरठ शहर - 56.50%
मेरठ दक्षिण - 59.59%

मेरठ में शुरुआती दिक्कतों के बाद शुरू हुआ मतदान
मेरठ में सातों विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। शुरुआती एक घंटे में कुछ जगहों पर दिक्कतें सामने आईं। मामूली परेशानियों से निपटने के बाद मतदान शुरू हुआ। सीडीओ शशांक चौधरी और एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश सिंह सुबह ही कंट्रोल रूम पहुंचे और सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मॉक पोल के बाद सभी बूथों पर मतदान शुरू किया गया। मेरठ दक्षिण, सिवालखास और शहर विधानसभा में कई जगहों पर ईवीएम और वीवी पैट को कनेक्ट करने में परेशानियां आईं, जिसकी सूचना कलेक्ट्रेट के कंट्रोल रूम में लगातार आती रहीं। जिसके बाद कुछ जगहों पर रिजर्व में रखीं मशीनों को भी लगाया गया।

मेरठ की सभी सात सीटों पर तीन बजे तक 48.21% मतदान हुआ है। शहर, सिवालखास और किठौर सीट पर बीस- बीस प्रतिशत मतदान हुआ है। तीन तीनों पर ही सपा रालोद गठबंधन से मुस्लिम प्रत्याशी हैं और यह देहात के इलाके हैं। सुबह घना कोहरा था, अब धूप खिली है तो मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी हैं।

मेरठ में शाम पांच बजे तक 55.70% मतदान हुआ 
सिवालखास - 52.00%
सरधना - 59.84%
हस्तिनापुर - 55%
किठौर - 56%
मेरठ कैंट - 51%
मेरठ शहर - 56.50%
मेरठ दक्षिण - 59.59%
मेरठ दक्षिण में सर्वाधिक 59.59% प्रतिशत मतदान

ग्रामीणों ने किया चुनाव का बहिष्कार
वहीं मेरठ के दायमपुर के ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया है। यहां 12 बजे तक केवल चार मतदाता ही वोट डालने पहुंचे। मेरठ से भाजपा प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा विवेकानंद अकैडमी ब्रह्मपुरी में वोट देने के लिए लाइन में लगे और मतदान किया। वहीं केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल ने मेरठ कैंट विधानसभा के शिवलोक पुरी कृष्णा पब्लिक स्कूल के बूथ पर अपने पूरे परिवार के साथ मतदान किया। 

देहात क्षेत्र में कोहरे के बीच मतदान केंद्र पहुंचे मतदाता
वहीं देहात क्षेत्रों में अधिक कोहरा होने के बावजूद लोग घरों से निकले और मतदान किया। हालांकि कई स्थानों पर वोटर लिस्ट में नाम नहीं मिलने पर मतदाता बैरंग लौट रहे हैं। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में मतदाताओं की भीड़ काफी देखी जा सकती है। मिले-जुले मतदान केंद्रों अभी भीड़ कम दिख रही है। वहीं सरधना में भी अभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ सामान्य नजर आई। 

हस्तिनापुर क्षेत्र में उत्साहित दिखे मतदाता
हस्तिनापुर क्षेत्र में मतदान को लेकर मतदाता काफी उत्साहित हैं। पोलिंग बूथों पर लाइन में लगकर मतदान करने का मतदाता इंतजार कर रहे हैं। निर्धारित समय के अनुसार ही पोलिंग बूथ पर मतदान शुरू हुआ। निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया और घर-घर जाकर बीएलओ द्वारा वोट बनाए गए परंतु क्षेत्र के सैकड़ों मतदाता अभी तक ऐसे नजर आए हैं, जिनके नाम वोटर लिस्ट में नजर नहीं आए अपना नाम वोटर लिस्ट में खोजने के बाद बिना वोट डालो ही सैकड़ों मतदाता वापस लौट गए। यह बीएलओ व प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही कहा जा सकती है क्योंकि वोट बनवाने के बाद भी मतदाताओं को अपने वोट वोटर लिस्ट में नजर नहीं आ रहे हैं। जो पोलिंग बूथ पर जाकर वोटिंग पर्ची न मिलने के कारण वापस घरों को लौट गए।

पहली बार किया वोट, तो सोशल मीडिया पर फोटो किया पोस्ट
विधानसभा चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले मतदाता भी उत्साहित नजर आए। जिन्होंने दोस्तों के साथ मतदान करने के बाद सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं।

परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे अधिकारी
मेरट में कमिश्नर सुरेंद्र कुमार और उनकी पत्नी गरिमा ने भी अपना मतदान किया। इसके अलावा आईजी रेंज मेरठ, प्रवीण कुमार ने वोट डाला और लोगों से वोट देने की अपील की, इन अधिकारियों ने 

मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम के पोलिंग बूथ पर वोट डाला। नौचंदी पुराना थाना मतदान केंद्र पर ओवैसी साइकिल और हाथी के चुनाव चिन्ह पर लोग मतदान कर लौट रहे हैं, जबकि शहर विधानसभा सीट पर राम सहाय इंटर कॉलेज में भाजपा के लिए मतदाताओं में उत्साह नजर आ रहा है। 

तीन पीढ़ियों ने एक साथ किया मतदान
कंकर खेड़ा के जवाहर पूरी निवासी दयानंद के परिवार ने तीन पीढ़ियों के साथ मतदान किया। परिवार के मुखिया दयानंद ने अपनी पत्नी राजबाला ओर बेटे शीतल, लकी, प्रदीप ओर पुत्रवधु प्रीति, बिमलेश, रेखा के साथ पौत्र शिवम, सागर, वाशु व पौत्री आशी, टीना के साथ मतदान किया।

खरखौदा क्षेत्र में भी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई हैं। यहां सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया। शुरुआती दो घंटे में यहां 13 प्रतिशत मतदान किया जा चुका है। बहुचर्चित सिवालखास विधानसभा सीट के गांव पूठखास में कोहरे के बावजूद भी मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं। सिवालखास के गांव सिसौला खुर्द में एक बूथ की मशीन डेढ़ घंटे खराब रही। बहसूमा थाना क्षेत्र के सरधना विधानसभा के आठ गांव का 9:20 बजे तक 9.5 प्रतिशत मतदान हुआ।

खरखौदा क्षेत्र के किठौर विधानसभा व मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान समय से ही शुरू हो गया, लेकिन गांव हाजीपुर में एक केंद्र पर ईवीएम मशीन खराब हुई जिस कारण वहां 1 घंटे देरी से मतदान शुरू हुआ। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मशीन तुरंत बदली गई स्थिति सामान्य है।

बागपत में मतदान जारी
बागपत में वोट डालने के लिए मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ौत विधानसभा के फतेहपुर पुट्ठी प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 में सुबह ही लंबी लाइन लग गई। बिनौली के प्राथमिक विद्यालय में भी मतदाताओं की सुबह से ही लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई, जबकि दोघट मे मशीन काम नहीं कर रही है।  

शामली में मतदान जारी
शामली विधानसभा में सुबह सात बजे चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरु हो गई। इससे पहले पीठासीन अधिकारियों ने विभिन्न दलों के प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों के सामने मॉक पोल की प्रक्रिया संपन्न कराई। ठीक सात बजे मतदान प्रक्रिया आरंभ हो गई। वीवी इंटर कॉलेज, जैन इंटर कॉलेज में पोलिंग बूथ पर लंबी लाइन लगी हुई है। सभी मतदाता अपने हाथ में चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित फोटो पहचान पत्र लिए हुए मतदान करने के इंतजार में खड़े दिखे। बड़ी संख्या में पोलिंग बूथ पर अर्द्धसैनिक बल, पीएसी स्थानीय पुलिस बल के जवान तैनात हैं। 

कांधला में मतदाताओं को डराने की सूचना
उधर, शामली के कांधला में कोहरे की वजह से अभी मतदाता कम संख्या में पहुंचे हैं। शामली के कांधला थाना क्षेत्र के डूंडुखेड़ा गांव में गरीब मतदाताओं को डराने-धमकाने की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया है। वहीं इस मामले पर समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया है। 

गठबंधन प्रत्याशी की इंस्पेक्टर से नोंकझोंक
शामली से गठबंधन प्रत्याशी प्रसन्न चौधरी की इंस्पेक्टर से नोकझोंक हो गई। वह बूथ का निरीक्षण करने आए थे, जिसके बाद इंस्पेक्टर ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इस पर प्रसन्न चौधरी की इंस्पेक्टर से कहासुनी हो गई।  

पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे गन्ना मंत्री सुरेश राणा
वहीं थानाभवन कस्बे में प्राथमिक विद्यालय न० 3 पर कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा पत्नी के साथ वोट करने पहुंचे। थानाभवन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने अपनी पत्नी के साथ मतदान करने के लिए जाते समय कहा कि भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में भारी उत्साह है, क्योंकि जिस तरह से सपा ने राष्ट्रीय लोक दल के टिकट पर अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने का काम किया है। इससे राष्ट्रीय लोकदल समर्थकों में काफी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गठबंधन का खाता भी नहीं खुल पाए। उन्होंने कहा है कि विकास सुरक्षा के मुद्दे पर लोग भारी संख्या में भाजपा के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। महिलाएं पुरुष योगी मोदी योगी मोदी के नारे लगाते हैं मतदान केंद्रों पर जा रहे हैं।

ईवीएम मशीन हुई खराब
जिले के ब्रिगेडियर होशियार सिंह कॉलेज पर 68 नंबर बूथ पर कुछ तकनीकी के कारण ईवीएम मशीन खराब हो गई है। पीठासीन अधिकारी ने बताया तकनीकी के कारण ईवीएम मशीन खराब हो गई है। ईवीएम मशीन खराब की जानकारी अधिकारी को दे दी गई है। जल्द ही दूसरी ईवीएम पहुंचने वाली है। पहुंचते ही तुरंत मतदान चालू हो जाएगा।

शामली के कांधला में बूथ संख्या 323 पर मशीन खराब होने की वजह से अभी तक मतदान शुरू नही हुआ। डीएम मौके पर पहूंची हैं। ईवीएम बदली जा रही है। वहीं गठबंधन प्रत्याशी अशरफ अली खान
जलालाबाद में अपना वोट डाला। 

यह रहा मतदान का प्रतिशत
शामली जिले में 5 बजे तक 61 प्रतिशत मतदान हुआ।शामली सीट पर 58 प्रतिशत, थानाभवन 60 प्रतिशत, कैराना में 65 प्रतिशत मतदान हुआ।

महिलाकर्मी पर भड़का एजेंट
चौसाना क्षेत्र के दथेड़ा में बूथ संख्या 98 पर मतदान कराने में लगी महिला कर्मी पर मतदान को प्रभावित करने का आरोप लगा दिया गया। मतदान बूथ केंद्र पर तैनात एजेंट ने महिलाकर्मी पर मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाया। वहीं महिला कर्मी का कहना है कि मैं अपनी परिवारिक समस्या से परेशान हूं। ड्यूटी नहीं करना चाहती थी आप मुझे सस्पेंड करा दीजिए। पीठासीन अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील।

लैंप की रोशनी में कराया जा रहा मतदान
वहीं बाबरी थाना क्षेत्र में गोगवान जलालपुर में सोलर लैंप की रोशनी में मतदान कराया जा रहा है। इसी तरह मेरठ दक्षिण विधान सभा के मेरठ आवास विकास कार्यालय में बूथ न 328 व 329 पर बिजली की व्यवस्था नहीं है। यहां पर भी लोग अंधेरे में वोट डालने पहुंच रहे हैं।

मेरठ के मवाना में मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारी
मवाना के मटौर व रुहासा में आईजी प्रवीण कुमार और कमिश्नर सुरेंद्र सिंह मतदान केंद्रों पर निरीक्षण करने के लिए पहुंचे हैं। मेरठ शहर में सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने परिवार सहित शास्त्री नगर स्थित बूथ पर मतदान किया। पूर्व केबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर ने भी अपने मत का प्रयोग किया।

किठौर विधानसभा के बड़ौली गांव में सपा व भाजपा समर्थकों में कहासुनी व धक्का-मुक्की हुई। इंस्पेक्टर किठौर ने बताया कि मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर दो पक्ष आपस में झगड़े थे, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

मुजफ्फरनगर में छह सीटों पर मतदान जारी
मुजफ्फरनगर जिले में छह विधानसभा सीटों के मतदान चल रहा है। सुरक्षित सीट पुरकाजी के अलावा मुजफ्फरनगर सदर, बुढ़ाना, चरथावल, खतौली, मीरापुर के लिए 20 लाख 20 हजार 826 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। साल 2012 में मतदान का प्रतिशत 59.17, जबकि 2017 में 67.16 और लोकसभा चुनाव 2019 में 68.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। जिले में इस बार कुल मतदान केंद्र 862 और मतदेय स्थल 2251 है। 

मुजफ्फरनगर में शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। यहां छह विधानसभा सीटों पर शाम पांच बजे तक 62.9 % मतदान हुआ। बता दें कि आज सुबह से ही पश्चिमी यूपी में घना कोहरा छाया हुआ है। ऐसे में मतदान प्रभावित हो रहा है। अब तक मीरापुर विधानसभा में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत हुआ। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत परिवार सहित वोट डालने पहुंचे।

मेरठ जिले की सात विधानसभा सीटों के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुर हो चुका है। मतदान शाम छह बजे तक होगा। लोकतंत्र के इस महापर्व में 26.25 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में 1172 मतदान केंद्रों पर 2962 बूथ बनाए गए हैं। बुधवार देर रात 2962 पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं।

सबसे अधिक दक्षिण विधानसभा में 531 बूथ होने के कारण ईवीएम भी यहां सबसे अधिक रहेंगी। वहीं, सात विधानसभा क्षेत्रों मेें रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी के साथ जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। वहीं, चुनाव आयोग की ओर से महिलाओं के लिए पिंक बूथ, मॉडल बूथ और दिव्यांग बूथ की व्यवस्था की गई है। सात विधानसभा में तीन प्रकार के एक-एक बूथ बनाए गए हैं। पिंक बूथ पर महिला मतदाताओं के साथ स्टाफ भी महिला कर्मचारियों का रहेगा। 

मेरठ में किस सीट पर कितने वोटर
सिवालखास - 337510
सरधना - 359 895
हस्तिनापुर -  342646
किठौर - 364014
मेरठ कैंट - 428597
मेरठ शहर - 312368
मेरठ दक्षिण - 480819

किस सीट पर कितने बूथ 
सिवालखास - 394, सरधना - 406, हस्तिनापुर - 393, किठौर - 419, कैंट - 468, मेरठ शहर - 351, दक्षिण - 531

सात मॉडल बूथ
सिवालखास - प्राथमिक विद्यालय जाफराबाद दुर्वेशपुर, सरधना - खंड विकास कार्यालय, सरधना, हस्तिनापुर - कार्यालय नगर पालिका परिषद मवाना, किठौर - गांधी शताब्दी इंटर कॉलेज, कैली, कैंट - सीएबी इंटर कॉलेज, निकट भैंसाली ग्राउंड, शहर - डीएन डिग्री कॉलेज, रेलवे रोड, दक्षिण - केएल इंटरनेशनल, जागृति विहार।

महिलाओं के लिए सात पिंक बूथ
सिवालखास - सेंट माइकल हाईस्कूल सिवालखास, सरधना - सेंट जोजफ कन्या इंटर कॉलेज, हस्तिनापुर - लक्ष्मी देवी आर्य कन्या डिग्री कॉलेज, किठौर - उच्च प्राथमिक विद्यालय खरखौदा, कैंट - लेडी अशरफी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, डिफेंस एंक्लेव कंकरखेड़ा, मेरठ शहर - कनोहरलाल गर्ल्स स्नातक कॉलेज शारदा रोड, मेरठ दक्षिण - शहीद मंगल पांडे महिला डिग्री कॉलेज माधवपुरम।
 
दिव्यांगों के लिए सात विशेष बूथ
सिवालखास, उच्च प्राथमिक विद्यालय डालमपुर, सरधना - कार्यालय नगर पंचायत सरधना, हस्तिनापुर - विकास खंड कार्यालय, हस्तिनापुर, किठौर - प्राथमिक विद्यालय नंबर-2, मुंडाली, मेरठ कैंट - संत विवेकानंद इंटर कॉलेज, चंद्रलोक साबुन गोदाम, शहर- राम सहाय इंटर कॉलेज, गढ़ रोड, दक्षिण - उच्च प्राथमिक विद्यालय, महरौली। 

पुलिस लाइन कंट्रोल रूम 
प्रभारी सिटी कंट्रोल रूम - 9454401587
प्रभारी देहात कंट्रोल रूम - 9454417431
आरआई पुलिस लाइन - 9454402386

सात सीटों पर मजिस्ट्र्रेट
सेक्टर मजिस्ट्रेट - 283 
जोनल मजिस्ट्रेट - 27 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed