मेरठ में कोरोना की बढ़ी रफ्तार, 149 मरीज मिले, युवक की मौत, तीन दिन में मिले 373 मरीज
- संक्रमितों दो डॉक्टर, 5 हेल्थ केयर वर्कर, दो पुलिसकर्मी, जिला पंचायत कर्मी, शिक्षक, सात बंदी और एमडीए कर्मी शामिल
- सैंपल के हिसाब से 5.25 प्रतिशत मरीजों को हुई पुष्टि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ महानगर में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को कोरोना के अब तक के सबसे ज्यादा 149 नए मरीज मिले हैं, जबकि कोरोना संक्रमित 37 साल के बिट्टू निवासी गांव नागौरी मेरठ की मौत हो गई।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि नए मरीजों में शास्त्रीनगर के दो डॉक्टर, मेडिकल थाना और बेगमबाग के दो पुलिसकर्मी, मेडिकल कॉलेज और सुभारती मेडिकल की दो हेल्थकेयर वर्कर समेत 5 हेल्थकेयर वर्कर, मेडिकल कॉलेज पीजी गर्ल्स हॉस्टल की मेड, जिला पंचायत कर्मी, शिक्षक, सात बंदी, एमडीए कर्मी, घरेलू महिलाएं, कारोबारी और छात्र आदि शामिल हैं।
मंगलवार को 2841 सैंपलों की जांच हुई। सैंपल के हिसाब से 5.25 प्रतिशत मरीजों को पुष्टि हुई है। इनमें कई परिवारों के सभी लोग पॉजिटिव आए हैं। इनमें 6 माह के बच्चे से लेकर 78 साल तक के मरीज शामिल हैं। नए मरीजों में 62 महिलाएं हैं और 67 नए केस हैं।
ये मरीज ब्रह्मपुरी, रक्षापुरम, कसेरू बक्सर, मवाना, गंगानगर, लावड़, शास्त्रीनगर, कंकरखेड़ा, बेगमबाग, जागृति विहार, लालकुर्ती, सरधना रोड, इंचौली, कासमपुर, बंसीपुरा दौराला, पल्लवपुरम, डिफेंस एंकलेव, शील कुंज, अरविंद पुरी, सोमदत्त सिटी, मयूर विहार, भगवतपुरा और भोला रोड आदि के रहने वाले हैं।
सीएमओ ने बताया कि मरीजों की कुल संख्या अब 4196 हो गई है। 120 लोगों की मौत हो चुकी है। 826 मरीजों का इलाज चल रहा है। 164 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 3251 लोगों की छुट्टी हो चुकी है।
तीन दिन में मिले 373 मरीज
पिछले 3 दिन में कोरोना के 373 मरीज मिले हैं। 5 लोगों की मौत भी हुई है। सैंपलों के हिसाब से भी प्रतिशत बढ़ा है। रविवार को 4.7 प्रतिशत मरीज मिले थे। सोमवार को 3.82 प्रतिशत और मंगलवार को 5.25 प्रतिशत मरीजों को कोरोना की पुष्टि हुई है।
हालांकि इसमें तसल्ली देने वाली बात यह है कि पिछले 3 दिन में 331 लोगों ने कोरोना को हराया है। इनमें अधिकांश होम आइसोलेशन के अलावा मेडिकल, सुभारती और मुलायम सिंह यादव मेडिकल कॉलेज आदि में भर्ती मरीज भी शामिल हैं। सीएमओ का कहना है कि पिछले 3 दिन से मरीजों की संख्या में उछाल आया है। कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा सैंपल की जांच करें और कोरोना को रोकने का प्रयास करें।
मेडिकल कॉलेज का ब्लड बैंक आज रहेगा बंद
मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की स्टाफ नर्स कोरोना संक्रमित निकली है। इस कारण ब्लड बैंक 24 घंटे के लिए बंद रहेगा, यानी बुधवार को ब्लड बैंक नहीं खुलेगा। पूरे स्टाफ की जांच होगी। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मोनिका राठी ने इसकी पुष्टि की है।
सिविल कोर्ट रहेगी आज बंद
मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री नरेश दत्त शर्मा ने बताया कि कचहरी में मंगलवार को एक अधिवक्ता कोरोना पॉजिटिव आए हैं। ये अधिवक्ता लगातार कचहरी आ रहे थे। इस संबंध में न्यायिक अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर सीजेएम ने मेरठ बार एसोसिएशन को इस विषय पर अवगत कराते हुए बुधवार को कचहरी बंद कर सैनिटाइज कराने को कहा है। जिला जज ने प्रयागराज हाईकोर्ट की गाइड लाइन पर बुधवार को सिविल कोर्ट कैंपस को पूर्णतया बंद करने को कहा है।