Meerut: आंदोलन तेज करने के लिए गांव-गांव कमेटी बनाएगा त्यागी समाज, धरना जारी
मेरठ में कई दिनों से चल रहा त्यागी समाज का धरना प्रर्दशन शनिवार को जारी रहा। अब आंदोलन को बढ़ाने के लिए हर जिले में गांव-गांव कमेटियों का गठन किया जाएगा। वंही धरनास्थल पर मौजूद कुलदीप त्यागी ने कहा कि अगर प्रशासन ने आंदोलन खत्म करने के लिए कोई जोर-जबरदस्ती की तो आंदोलन उग्र हो जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नोएडा की सोसायटी में हुए विवाद में फंसे श्रीकांत त्यागी की रिहाई के लिए त्यागी समाज ने धरने के 9वें दिन कमिश्नरी के सामने चौधरी चरण सिंह पार्क में हवन किया। नेताओं ने कहा कि इस हवन से सरकार की बुद्धि-शुद्धि होगी। वहीं धरना अनिश्चतकाल तक जारी रखने का फैसला लिया गया। मांगेराम त्यागी ने कहा कि अब आंदोलन को बढ़ाने के लिए हर जिले में गांव-गांव कमेटियों का गठन किया जाएगा। वहीं, उन्होंने लोगों से ट्रैक्टर लेकर धरनास्थल पर पहुंचने की अपील की।
धरनास्थल पर कुलदीप त्यागी ने कहा कि अगर प्रशासन ने आंदोलन खत्म करने के लिए कोई जोर-जबरदस्ती की तो आंदोलन उग्र हो जाएगा। शनिवार को धरने में बड़ी घोषणा भी संभव है। इस मौके पर मयंक त्यागी, अनुज त्यागी, यज्ञदेव त्यागी, रोहित त्यागी, गौरव त्यागी, हनी त्यागी, आशु त्यागी, प्रशांत त्यागी, हिमांशु त्यागी, अंकुर गुर्जर, अशोक सिवाच आदि मौजूद रहे।
श्रीकांत त्यागी की जमानत याचिका खारिज
गैंगस्टर एक्ट के मामले में श्रीकांत त्यागी को अभी जेल में रहना होगा। विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर अधिनियम एडीजे रणविजय प्रताप सिंह की कोर्ट ने आरोपी की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी है। गैंगस्टर एक्ट के तहत जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान श्रीकांत के खिलाफ हाल में दर्ज किए गए तीन केस के अलावा छह पुराने मामलों का रिकॉर्ड न्यायालय मेें पेश किया गया। सहायक शासकीय अधिवक्ता बबलू चंदेला ने बताया कि श्रीकांत त्यागी की जमानत याचिका पर शुक्रवार को न्यायालय में सुनवाई हुई।
इस दौरान न्यायालय को बताया गया कि विवेचना में सामने आया है कि अभियुक्त व सहअभियुक्त का एक संगठित गिरोह है। इसका सरगना अभियुक्त श्रीकांत त्यागी है। सहअभियुक्त राहुल सक्रिय बदमाश है। गिरोह के बदमाश कार और नंबर प्लेट पर प्रदेश सरकार के चिह्नों का इस्तेमाल कर समाज में रौब जमाते हैं। आरोपी प्रदेश सरकार का मोनोग्राम लगाकर खुद को उच्च पदाधिकारी के रूप में प्रदर्शित करते हुए जनता में भ्रम पैदा करते हैं। वहीं, श्रीकांत के अधिवक्ता सुशील भाटी ने यह कहते हुए जमानत की मांग कि श्रीकांत ने कोई अपराध नहीं किया है। उसे राजनीतिक आधारों पर झूठा फंसाया गया है। कोर्ट ने सुनवाई के बाद जमानत याचिका खारिज कर दी।
श्रीकांत के घर गए शाहिद मंजूर
नोएडा सेक्टर-93 स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता के मामले में घिरे श्रीकांत त्यागी प्रकरण को समाजवादी पार्टी (सपा) मुद्दा बनाकर भाजपा पर हमलावर रुख अख्तियार कर रही है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पार्टी के विधायक शाहिद मंजूर के नेतृत्व में नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को शुक्रवार को श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी से मिलने भेजा। इसके बाद प्रेसवार्ता में मंजूर ने कहा कि इस मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए। इस मामले को विधानसभा में भी पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।
वहीं श्रीकांत त्यागी के परिवार से पार्टी प्रतिधिनिमंडल की मुलाकात के विरोध में बृहस्पतिवार शाम को सपा के महानगर उपाध्यक्ष शैलेंद्र वर्णवाल ने विरोध में इस्तीफा दे दिया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व मंत्री नारद राय, मुजफ्फरनगर के निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, गौतमबुद्ध नगर के निवर्तमान जिलाध्यक्ष इंदर प्रधान, सुनील चौधरी, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री भूषण त्यागी आदि मौजूद रहे।