यूपी: हादसों में दो की मौत, 18 लोग घायल, गम में बदली ईद की खुशियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के शामली में ईद के दिन जिले भर में कई जगह सड़क हादसे हुए। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 घायल हो गए।
बुधवार को तीतरवाड़ा निवासी 45 वर्षीय नरेंद्र उर्फ मुखिया अपने भतीजे विपिन के साथ बाइक से अपनी ससुराल कैल शिकारपुर जा रहा था। बाइक भतीजा विपिन चला रहा था। जैसे ही वे शामली बाईपास के पास पहुंचे तो कैराना से शामली की ओर जा रहे ट्रक ने ओवरटेक के दौरान बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की साइड लगने से विपिन सड़क से दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक के पहिये से कुचलकर नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। नरेंद्र की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। नरेंद्र मजदूरी का काम करता था और उसके चार बच्चे हैं। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार नागर ने बताया कि मृतक के भाई बीजा की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, ऊन में बुधवार दोपहर ऊन-थानाभवन मार्ग पर हथछोया के पास ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक में भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक सवार फरमान (30) निवासी गांव मैनपुरा थाना गंगोह जिला सहारनपुर की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक के पीछे बैठा साथी दानिश घायल हो गया। संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे कच्चे नाले में जा गिरी। इस दौरान खेत से चारा लेकर पैदल घर लौट रही चार महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गई। घायल महिलाओं में सुनीता उम्र 50 वर्ष, संतोष उम्र 55 वर्ष, सोमती उम्र 60 वर्ष, गुड्डी उम्र 50 वर्ष है। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल महिलाओं को नाले से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी ऊन में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के पिता इस्लाम ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
खंभे से टकराई टाटा मैजिक, सात घायल
वहीं मौहम्मदपुर राई गांव से कुछ लोग टाटा मैजिक से कैराना में ईद की खुशियां मनाने आ रहे थे। खुरगान रोड पर चांद मस्जिद के पास टाटा मैजिक एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में असंतुलित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई।
हादसे में वृद्धा हमीदन निवासी रेतावाला कैराना, रिजवान, दिलशाद, फरहान, मुद्दसिर, अनस, सलीम व आदिल निवासी मौहम्मदपुर राई घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। उधर, कैराना में पानीपत रोड पर बाईपास के निकट विपरीत दिशा से आ रही दो बाइक आपस में टकरा गई। जिससे ओमवीर, उसकी पत्नी सविता और रामकुमार, उनका एक साल का बच्चा रितिक निवासी पंजोखरा घायल हो गया। दूसरी बाइक सवार नदीम निवासी पानीपत गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
अलीपुर रोड पर कैराना की और से बीनड़ा जा रही बाइक को कार ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार आनंद निवासी बीनडा गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसके पीछे बैठे अनुज निवासी बरनावी को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया जहा से उसे रेफर कर दिया।
उधर, कांधला रोड पर ऊंचा गांव के निकट वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार अमन व निखिल निवासी गांव कंडेरा थाना रमाला गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां से दोनों को रेफर कर दिया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/