यूपी के मुजफ्फरनगर में दो सहेलियों ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, चार दिन से घूम रही थीं साथ
- सुबह 11 बजे लौटी थीं घर, शाम को खाया जहर, परिजनों में मचा कोहराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर के तितावी थानाक्षेत्र में गांव लड़वा में बुधवार शाम दो सहेलियों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों पांच जुलाई से कार में एक साथ घूम रहीं थीं और बुधवार सुबह गांव अथाई से लड़वा लौटी थीं।
क्षेत्र के गांव लड़वा निवासी हिमांशी (25) पुत्री इंदर की दोस्ती कॉलेज में सहपाठी रही मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र के गांव झिंझाड़ निवासी जूली (25) पुत्री ऋषिपाल से थी। अक्सर जूूली गांव लड़वा में हिमांशी के घर आती-जाती रहती थी।
करीब तीन साल पूर्व हिमांशी की शादी अमरोहा जनपद के गांव दौराला निवासी गौरव पुत्र कुलबीर के साथ हो गई थी, जिसके अब डेढ़ साल का बेटा भी है। उधर, जूली अविवाहित थी। वह कार बुकिंग पर चलाने लगी थी और खुद को एक टीवी चैनल का पत्रकार भी बताती थी। करीब 20 दिन पूर्व हिमांशी बेटे के साथ परिजनों से मिलने मायके आई थी।
परिजनों के अनुसार पांच जुलाई को जूूली कार से लड़वा आई थी, जिसके बाद दोनों सहेलियां कहीं घूमने जाने की बात कहकर घर से निकल गई थी। अगले दिन वहां से लौटकर दोनों सहेलियां भोपा क्षेत्र के गांव अथाई निवासी जूली के बहनोई सुधीर के यहां चली गईं थीं और बुधवार सुबह 11 बजे ही वहां से लौटी थीं।
शाम करीब चार बजे घर का काम खत्म कर हिमांशी की मां व चाची घर की ऊपरी मंजिल पर चली गई थीं, जबकि दोनों सहेलियां नीचे बरामदे में बैठी बात कर रही थी। हिमांशी की मां ने उन्हें ऊपर आने के लिए कहा तो दोनों अचेत पड़ी मिली। यह देख परिजन उनके पास पहुंचे और डॉक्टर को बुलाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दोनों शवों के पास जहर की खाली शीशी भी पड़ी मिली। घटना की सूचना पर तितावी एसओ कपिलदेव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली, लेकिन पीड़ित परिजनों ने आत्महत्या के संबंध में कुछ भी पता होने से इंकार कर दिया।
इन्होंने कहा
एसओ कपिलदेव का कहना है कि दो सहेलियों ने आत्महत्या की है। इनमें एक मवाना के गांव झिंझाड़ की रहने वाली है, जिसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल परिजन कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। जूली के परिजनों के आने के बाद स्थिति साफ हो पाएगी।