त्योहारी सीजन में सभी ट्रेनें फुल, तत्काल टिकट के लिए लोग ऐसे लगा रहे जुगाड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
त्योहारी मौसम में ट्रेनें फुल होने से लोगों का घर जाने का प्लान प्रभावित हो रहा है। सभी प्रमुख ट्रेनों में नो रूम होने से लोगों ने तत्काल टिकट का जुगाड़ लगाना शुरू कर दिया है। वहीं हर साल की भांति रेलवे की विजिलेंस टीम भी सक्रिय हो चुकी है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन समेत यूनिवर्सिटी स्थित आरक्षण काउंटर पर छापेमारी कर बने हुए तत्काल टिकट पकड़े जा चुके हैं।
7 नवंबर को दिवाली के चलते लोगों ने घर पहुंचने के लिए पहले से ही रेल टिकट बुक करा लिए थे। इस समय एक भी ट्रेन ऐसी नहीं है जिसमें 5 या 6 नवंबर के कंफर्म टिकट मिल रहा हो। मेरठ से बनकर या यहां से होकर जाने वाली प्रमुख ट्रेन नौचंदी, संगम, शालीमार, गोल्डन टेंपल और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में किसी भी श्रेणी का टिकट उपलब्ध नहीं है। छह नवंबर की बात करें तो शालीमार एक्सप्रेस में तो थर्ड एसी श्रेणी में नो रूम हो गया है। जबकि नौचंदीकी स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 158, संगम में 119 चल रही है। वहीं अमृतसर जाने वाली गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में 157 वेटिंग चल रही है।
लोग लगा रहे जुगाड़
लोगों के सामने अब तत्काल टिकट का ही सहारा रह गया है। टिकट से वंचित लोग आईआरसीटीसी एजेंटों के अलावा पैसेंजर रिजर्वेशन सेंटर (पीआरएस) पर सक्रिय दलालों से संपर्क करने में लगे हैं। बताया जा रहा है 10 फीसदी तत्काल टिकटों के लिए दलाल प्रति टिकट 500 से 1000 रुपये तक मांग कर रहे हैं।
सुपर एक्सप्रेस रद्द, गोल्डन का रूट डायवर्जन
अमृतसर में ट्रेन दुर्घटना के चलते ट्रैक पर चल रहे धरने की वजह से रविवार को भी तीन दर्जन से ज्यादा ट्रेन प्रभावित रही। इन ट्रेनों में वाया मेरठ चलने वाली सुपर एक्सप्रेस को रद्द रखा गया और गोल्डन टेंपल का रूट डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस केवल लुधियाना तक ही संचालित की जा सकी।
स्पेशल ट्रेन है सहारा
जम्मू की तरफ जाने वाले यात्रियों के लिए अभी आनंद विहार से जम्मू जाने वाली ट्रेन में राहत है। एसी थर्ड के 700 कंफर्म टिकट इस ट्रेन में उपलब्ध है। हालांकि किराया स्पेशल ट्रेन होने के कारण ज्यादा है। पर सीट कंफर्म होने से राहत मिलेगी। वहीं रेलवे की विजिलेंस टीम भी सक्रिय हो गई है। पिछले दिनों टीम ने मेरठ पहुंचकर यूनिवर्सिटी स्थित रेलवे आरक्षण काउंटर पर छापा मारकर बने रखे चार तत्काल टिकट पकड़े थे।
ये हैं छह नवंबर को ट्रेनों की वेटिंग
ट्रेन का नाम स्लीपर सेकेंड एसी थर्ड ऐसी
नौचंदी एक्सप्रेस 130 13 27
संगम एक्सप्रेस 106 21 30
गोल्डन टेंपल 143 16 52
शालीमार एक्सप्रेस 67 12 एनआर
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 70 10 28
दिवाली के चलते सभी ट्रेन फुल हो चुकी है। तत्काल टिकट भी पांच से दस मिनट के अंदर ही बुक हो जाते है। रेलवे की तरफ से त्योहार स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। टिकट नहीं मिलने की स्थिति में लोगों का जनरल बोगी से ही सफर करना पड़ेगा। -आरपी शर्मा, स्टेशन अधीक्षक मेरठ सिटी
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/