यूपी में ऐतिहासिक मंदिर के गेट पर मांस के बोरे फेंके, माहौल बिगाड़ने की कोशिश, भाजपाइयों का हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मेरठ में नौचंदी मैदान के ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में शरारती तत्वों ने शुक्रवार रात गेट पर मीट के बोरे फेंक दिए। पता चलने पर मंदिर के पुजारी, आसपास के लोग और भाजपाई मौके पर पहुंचे। उन्होंने दूसरे समुदाय के लोगों पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। बखेड़े की सूचना पर नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।
नौचंदी मैदान में प्राचीन दुर्गा मंदिर है। रात में कुछ शरारती तत्व मीट के बोरे मंदिर के गेट पर फेंक गए। इसकी सूचना आसपास के लोगों ने भाजपा नेताओं को दी। भाजपा नेता दीपक शर्मा, राकेश गौड़, वरूण सुलेख, आशीष कश्यप, कुश बंसल, मनोज कुमार आदि वहां पहुंचे। इसके बाद गांधी प्रतिमा के सामने भी मांस का बोरा रखा मिला। आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा और नारेबाजी कर दी। सूचना पर सीओ सिविल लाइन श्रीराम अर्ज, नौचंदी के कार्यवाहक एसओ शशि कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
वहीं भाजपा नेता दीपक शर्मा ने कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान पुलिस की भाजपाइयों से नोकझोंक हो गई। बाद में पुलिस ने दोनों स्थानों से मीट के बोरे हटवाते हुए सफाई करवाई। भाजपाइयों ने कहा कि यदि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो इसके जिम्मेदार नौचंदी एसओ होंगे। आधा घंटे बाद मामला शांत हुआ। सीओ ने इस मामले में नौचंदी थाने की फैंटम पुलिस को भी जमकर फटकार लगाई।
माहौल बिगाड़ने की कोशिश
24 घंटे में दूसरी बार माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। गुरुवार को लिसाड़ीगेट के फतेहउल्लापुर में प्राचीन शिव मंदिर में भी मीट के अवशेष फेंक दिए गए थे। इसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई थी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/