Shamli: पुलिस चौकी से लॉकअप का ताला तोड़, हथकड़ी खोलकर तीन बदमाश फरार, हिरासत में होमगार्ड
उत्तर प्रदेश के शामली में गुरुवार अलसुबह चौसाना पुलिस चौकी के लॉकअप का ताला तोड़कर व हथकड़ी खोलकर तीन बदमाश फरार हो गए। बदमाशों के फरार होने की सूचना पर महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं चौकी पर तैनात होमगार्ड को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली में चौसाना चौकी की हवालात से तीन बदमाश फरार हो गए। वहीं चौसाना चौकी के होमगार्ड की संदिग्ध भूमिका मानते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया है। बताया गया कि लूट की योजना बनाने के आरोप में पकडे गए दो आरोपियों सहित तीन बदमाश चौसाना पुलिस की कस्टडी से लॉकअप बंद किए गए थे। जहां से तीनों बदमाश लॉकअप तोड़कर व हथकड़ी खोलकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार चौकी पर सुरक्षा में तैनात मुंशी सो रहा था। इसी दौरान बदमाश मौके का फायदा उठाकर लॉकअप का ताला तोड़ने के बाद हथकड़ी तोड़कर फरार हो गए। सूचना पर एएसपी व सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस ने रात्रि के समय डयूटी पर तैनात होमगार्ड को हिरासत में ले लिया है।
यह भी पढ़ें: Suicide: मनचले के खौफ में विवाहिता ने की आत्महत्या, परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार, पुलिस पर लगाए आरोप
दरअसल, चौसाना पुलिस चौकी पर बुधवार को लूट की योजना बनाने के आरेाप में एक आरोपी पकड़ा गया था, जिसमें उसके दो साथी आरोपी गुफरान व रहीस भी शामिल थे। पुलिस ने तीनों को लॉकअप में बंद कर दिया था। गुरुवार अलसुबह तीनों आरोपी लॉकअप का ताला तोड़कर व चाबी से हथकड़ी खोलकर फरार हो गए।
बताया गया कि घटना के दौरान मुंशी योगेंद्र सो रहा था, जबकि होमगार्ड ड्यूटी से नदारद था। मुजरिमों के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस सतर्क हुई और फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सूचना पर एएसपी ओपी सिंह व सीओ कैराना मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने रात्रि में डयूटी पर तैनात होमगार्ड संजय को हिरासत में लिया। पुलिस होमगार्ड से पूछताछ कर रही है।