यूपी: मुजफ्फरनगर में मकान की छत गिरने से तीन बच्चों की दबकर मौत, पिता घायल
उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर में बारिश के दौरान एक मकान की छत गिरने से तीन बच्चों की दबकर मौत हो गई जबकि उनका पिता गंभीर घायल हो गया। लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। आसपास के लोगों की मदद से चारों को बाहर निकाला। वहीं घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने तीनों बच्चों के शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिखेड़ा गांव में सोमवार सुबह तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। बारिश के कारण मकान की छत भरभराकर गिर पड़ी। मलबे में पिता समेत तीनों बच्चे दब गए थे, लेकिन पिता किसी तरह से मलबे से बाहर आकर बच गया। हादसे की सूचना पर आस पड़ोस के लोगों ने मलबा हटाया, लेकिन तीनों बच्चे बच नहीं सके। जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
गुलशन पुत्र मंगता का परिवार सिखेड़ा गांव के बाहर मकान बनाकर रहता है। सोमवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे बारिश शुरू हो गई, जिससे गुलशन उसकी पत्नी परवीन और 4 बच्चे उठकर बैठ गए।
गुलशन ने अपनी पत्नी से चाय बनाने को कहा। इसके बाद पत्नी परवीन एक बच्चे आसियान को लेकर बाहर चूल्हे पर चाय बना रही थी, तभी अचानक कमरे की कच्ची छत भरभरा कर नीचे गिर गई, जिसमें गुलशन उसका पुत्र जुनैद(11) पुत्री नाजिया(9) साबिया(7 ) दब गए।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। काफी मशक्कत के बाद मलबे से चारों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां पर तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।