यूपी: तिरंगा उतारने को लेकर जबरदस्त हंगामा, भड़के कांवड़िये और फिर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में कोतवाली शामली क्षेत्र के गांव लांक में बीएसएनएल के टॉवर पर कांवड़ियों की ओर से लगाए गए तिरंगा झंडा उतारने पर जबरदस्त हंगामा हो गया। कांवड़ियों और ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तिरंगा झंडा उतारने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जलाभिषेक से इंकार कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने टॉवर पर तिरंगा झंडा लगवा कर कांवड़ियों के गुस्से को शांत किया। इसके बाद ही भोलों ने जलाभिषेक किया।
गांव लांक में बीएसएनएल का मिनी एक्सचेंज है। इसके टॉवर पर हर साल गांव के कांवड़िये हरिद्वार से तिरंगा लाकर लगाते हैं। इसके पास में स्थित शिवालय में कांवड़िये जलाभिषेक करते हैं। गुरुवार को हरिद्वार से कांवड़िये गंगाजल लेकर गांव में पहुंचे। एक कांवड़िये ने टॉवर पर तिरंगा लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव भाज्जू निवासी बीएसएनएल कर्मचारी शिवचरण ने इसका विरोध किया और टॉवर पर चढ़कर तिरंगा उतार दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी ने तिरंगे को पैरों तले कुचला भी।
आरोप है कि इस दौरान ग्रामीणों के साथ उसकी तीखी झड़प हुई। ग्रामीण अरविंद, राहुल आदि ने तिरंगे का अपमान करने पर नाराजगी जताई। इस पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो गया। बीएसएनएल कर्मी के रवैये से खफा कांवड़ियों और ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया और जलाभिषेक करने से इंकार कर दिया। तिरंगे को लेकर बवाल होने की सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा भारी संख्या में फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके दोबारा टॉवर पर तिरंगा लगवाया गया, तब जाकर भोलों ने महादेव का जलाभिषेक किया। इसके बाद में एसडीएम अरविंद कुमार और सीओ एके सिंह ने मौके पर जाकर जानकारी ली। इस मामले में ग्रामीणों की ओर से आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वंदेमातरम् और भारत माता की जयकारे लगे
बीएसएनएल पर तिरंगा दोबारा लगाते ही माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। युवाओं ने वंदेमातरम, भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू कर दिए। तिरंगा लगाने के बाद ग्रामीणों ने उसको सेल्यूट भी किया।
पुलिस ने लगाया तिरंगा, मंदिर में चढ़ाया जल
शामली पुलिस ने मामले की नजाकत को देखते हुए दूसरा तिरंगा मंगवाकर उसको फहरा दिया। उसके बाद भोलों के आग्रह पर कोतवाल जेएस कालरा ने भी मंदिर में शिवलिंग पर जल चढ़ाया। इस पर शामली पुलिस जिंदाबाद, कोतवाल जेएस कालरा जिंदाबाद के नारे लगने लगे।
झगडे़ की सूचना पर पहुंची कई थानों की फोर्स
लांक गांव में तिरंगा उतारे जाने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। एसपी के मामला संज्ञान में आने पर तत्काल भारी संख्या में फोर्स मौके पर भेज दी गई। खुफिया विभाग से लेकर कांधला, आदर्शमंडी, शामली सहित कई थानों की फोर्स को मौके पर जाने के निर्देश दिए गए। बाद में मामला निपटने पर पुलिस ने चेन की सांस ली।
-- वर्जन --
ग्रामीणों का आरोप है कि बीएसएनएल कर्मचारी ने तिरंगे का अपमान किया है। ग्रामीणों से मिली वीडियो के आधार पर साक्ष्य संकलन कर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। - जेएस कालरा, शामली कोतवाली प्रभारी
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/