सड़कों पर उतरे अफसर, हटाया अतिक्रमण, जेसीबी से गिरा दी पुलिस चौकी
शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस अफसर सड़कों पर उतर आए। हापुड़ अड्डा चौराहे पहुंचे एसएसपी ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए। जिसके बाद जेसीबी से वहां बनी पुलिस चौकी को भी ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई शुक्रवार को हुई।
अमर उजाला लगातार शहर की जाम की समस्या को प्रमुखता से उठा रहा है। शुक्रवार सुबह एसएसपी जे. रविंदर गौड़ हापुड़ अड्डा चौराहे पर पहुंचे और एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी, सीओ कोतवाली रणविजय सिंह, एसओ कोतवाली, एसओ सिविल लाइन और ट्रैफिक पुलिस को बुलाकर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इसके बाद सीओ कोतवाली ने जेसीबी से हापुड़ अड्डे के पास सड़क किनारे अवैध तरीके से बनी पुलिस चौकी को तुड़वा दिया। इसके बाद हापुड़ रोड, भगत सिंह मार्केट पर सड़क के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटवाया। एसएसपी ने कहा कि यदि दोबारा से किसी ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया तो पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजेगी।
हापुड़ अड्डा चौराहा
हापुड़ अड्डा चौराहा पर शुक्रवार को लोगों को जाम से निजात मिली। सीओ ट्रैफिक मोनिका यादव और टीएसआई दीनदयाल दीक्षित ने चौराहे से 50 मीटर तक ई-रिक्शा, ऑटो पर रोेक लगाते हुए बैरियर लगवा दिए। साथ ही ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि यदि चौराहे पर कोई भी वाहन अवैध तरीके से खड़ा मिले तो सीधे सीज कर थाने भेजे। चौराहे के पास जहां पुलिया निर्माण चल रहा है वहां बैरियर लगाकर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई है।
रेलवे रोड चौराहा
ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि रेलवे रोड चौराहे पर जो भी वाहन लालबत्ती पार करता है तो फोटो चालान काटा जाए। साथ ही अवैध तरीके से कोई वाहन सड़क पर नहीं रुके।
बेगमपुल चौराहा
बेगमपुल चौराहे पर सीओ ट्रैफिक मोनिका यादव ने पहुंचकर सड़क पर खड़े होने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को हटवाया। आबूलेन की तरफ से आने वाले वाहन जो रांग साइड से चौराहे पर पहुंचते हैं उनके लिए एक ट्रैफिक पुलिस की अलग से ड्यूटी लगाई गई है। हालांकि वहां जाम लगा रहा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/