तहसील के शौचालय में पकड़ा तंत्र-मंत्र का खेल, महिला को बना रखा था बंधक
जली कोठी स्थित सदर तहसील के शौचालय में तंत्र मंत्र करते एक तांत्रिक को लोगों ने पकड़ा। तांत्रिक ने शौचालय में एक महिला और उसके बेटे को बंधक बनाया हुआ था। मीडिया के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई, तांत्रिक वहां से भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। इसकी जानकारी लगते लोगों की भीड़ लग गई।
बच्चे की बलि देने की चर्चा
लोगों ने बताया कि तांत्रिक ने बच्चे के सिर पर हल्दी और सिंदूर लगाया हुआ था। चर्चा थी कि तांत्रिक बच्चे की बलि देना चाहता था। महिला से इसके बारे में पूछा तो उन्होंने तांत्रिक के खिलाफ कुछ भी बोलने से मना कर दिया। महिला बगैर शिकायत करे अपने बच्चे को लेकर वहां से चली गई।
जांच करेंगे कौन था तांत्रिक
इंस्पेक्टर देहलीगेट मिथलेश उपाध्याय ने बताया है कि इसकी जानकारी पर फैंटम को भेजा गया था। तांत्रिक मां-बेटे के साथ शौचालय में क्या कर रहा था, इसकी पुलिस जांच करेगी। तांत्रिक की तलाश में पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन सुराग नहीं लगा। महिला को पुलिस तलाश रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/