दलितों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, पीड़ित पक्ष ने किया एसएसपी का घेराव
जानी थाना क्षेत्र के रामपुर पावटी में दो दिन पूर्व बारात में हुए विवाद के चलते एक पक्ष के युवकों ने दलित पक्ष के चार युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। आरोपियों पर धमकाने और थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तारी नहीं करने का आरोप लगा पीड़ित पक्ष ने एसएसपी कार्यालय के बाहर हंगामा किया।
पीड़ित उपेश ने बताया कि दो जुलाई को रामपुर पावटी गांव से पिंटू के बेटे पिकिन की बारात मलियाना गई थी। वहां गांव के कालू ने उसके भाई उपेंद्र से अभद्रता की। जिसका उसने विरोध किया था। उपेश ने बताया कि बुधवार शाम को वह गांव के आकाश, राहुल, दीपांकर के साथ गांव के बाहर खेतों की ओर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में कालू रोबिन, सौरभ, मयंक, अंकुश, गोलू और चार पांच अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। लाठी डंडो से लैस आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उनके कपड़े फाड़ दिए। उन्होंने खेतों में छिपकर अपनी जान बचाई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने काफी आनाकानी के बाद उनकी रिपोर्ट दर्ज की। उस पर भी हल्की धाराएं और एससी एसटी एक्ट लगाया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पक्ष घटना के बाद से उन्हें धमका रहा है। जिससे पूरे परिवार को जान का खतरा है। लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही।
पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगा पीड़ित पक्ष के साथ आई महिलाओं ने एसएसपी दफ्तर पर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएसपी कार्यालय पर डेढ़ घंटे में भी उनकी सुनवाई नहीं हुई। एसएसपी वीडियो कांफ्रेंसिंग में गई थी। एसएसपी कार्यालय के स्टाफ ने उसने लिखित शिकायती पत्र मांगा, लेकिन वह शिकायती पत्र नहीं लाए थे। बाद में उन्होंने शिकायती पत्र तैयार किया और स्टाफ को दिया। स्टाफ ने भरोसा दिया कि इस संबंध में संबंधित थाने को कार्रवाई को कहा जाएगा। इंस्पेक्टर जानी के अनुसार रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। विवेचना चल रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/