गांव में गंदगी की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की
दौराला। सकौती गांव में सफाई न होने की शिकायत पर अधिकारी जांच के लिए गांव पहुचे। वहां ग्रामीणों ने सफाई को लेकर गांव की स्थिति बताई। गांव निवासी शैलेंद्र पंवार, देवेंद्र, किरणपाल, राजेंद्र सिंह, शिवेंद्र, रामबीर, राहुल आदि ने बताया कि उनके गांव में पिछले कई माह से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की। लेकिन अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। लगातार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद आखिरकार मंगलवार को अधिकारियों की नींद टूटी और एडीओ सरधना सुनील व सचिव सचिन मलिक जांच के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने उनके सामने रोष व्यक्त किया। ग्रामीण शिवेंद्र ने बताया कि गांव में पंचायत घर है, जिसमें बने शौचालय गंदगी से अटे पड़े हैं। पंचायत घर में होम्योपैथिक चिकित्सक आते है, लेकिन शौचालय गंदा पड़ा होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आवारा गोवंश कूड़े के ढेर सं पॉलिथीन निगल लेते हैं। जिसके चलते कई गोवंशों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने सफाई कर्मियों की जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया। बीडीओ सरधना सुनित भाटी ने बताया कि एडीओ व सचिव से ग्रामीणों की शिकायत पर जांच कराई गई थी। गांव में कूड़े के ढेर लगे हुए मिले। जिस पर सफाई कर्मी राकेश कुमार के स्थानांतरण को लेकर अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।