दरोगा पिटाई मामला: जीजा ने बरसाए थे थप्पड़, साले ने कॉलर पकड़कर जमीन पर गिराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कंकरखेड़ा बाईपास स्थित ब्लैक पेपर होटल में शुक्रवार को हुए बवाल में पुलिस आरोपी होटल मालिक व भाजपा पार्षद मनीष पंवार को जेल भेज चुकी है। रविवार को पुलिस ने वीडियो फुटेज की जांच कर अन्य आरोपियों को चिह्नित करना शुरू किया।
पुलिस के अनुसार मनीष ने दरोगा पर थप्पड़ बरसाए थे। वहीं जिस शख्स ने दरोगा को खींचकर जमीन पर गिराया, वह होटल का कर्मचारी नहीं बल्कि मनीष का साला अरुण चौधरी निवासी सोहरका निकला। फुटेज मे मनीष का दूसरा साला संदीप भी मौजूद बताया है।
रविवार दिन भर पुलिस आरोपी भाजपा पार्षद मनीष पंवार का क्राइम रिकॉर्ड खंगालने में जुटी रही। साथ ही वायरल हुई दरोगा की पिटाई की वीडियो को देखने के बाद पुलिस पता लगाती रही कि वीडियो में पार्षद के साथ वह युवक कौन था, जिसने दरोगा को पकड़कर खींचा और नीचे गिराया। पता चला है कि वह पार्षद का रिश्तेदार है। इसके अलावा वीडियो में होटल के कर्मचारी हैं। पिटाई के वक्त मौके पर मौजूद हैं और दरोगा को घेरे हुए हैं।
सीओ दौराला पंकज कुमार सिंह का कहना है कि इन सब की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो के अनुसार परतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहरका गांव निवासी अरुण होटल मालिक का रिश्तेदार है। वीडियो की जांच में पता चला कि अरुण ने दरोगा को जमीन पर गिराया था। उसके बाद महिला से भी बदसलूकी करते हुए फुटेज में अरुण आया है। वहीं, दूसरा साला संदीप भी फुटेज में है, जिसने गेट बंद कर किया था।
मनीष का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
एसपी सिटी के अनुसार जांच में सामने आया है कि मनीष का छोटे मोटे मामलों को लेकर अक्सर विवाद होता आया है। जिनमें अधिकतर में मामला गांव में ही निपट गया। इसके अलावा साल 2010 में दायमपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर पार्षद ने एक व्यक्ति पर केस दर्ज कराया था। जिसके बाद विवाद और भी बढ़ गया था।
उसके बाद दूसरे पक्ष ने पार्षद मनीष पर जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया था। हालांकि इंस्पेक्टर वीके आजाद का कहना है कि उस मामले में दोनों पक्षों में बाद में समझौता हो गया था और एफआर लग गई थी। पिछले दिनों हुए पार्षद के चुनाव में भी ग्रामीणों ने उसे टिकट देने का विरोध किया था। इसी वजह से अधिकतर लोग नाराज हुए थे। लेकिन एक भाजपा नेता की ओर से मनीष के लिए चुनाव प्रचार करने पर भी मनीष मुश्किल से चुनाव जीता था।
पार्षद के समर्थकों में खलबली
दरोगा व पार्षद प्रकरण में कार्रवाई न होने का भ्रम पाले पार्षद समर्थक अब बचाव के रास्ते ढूंढ रहे हैं। जिन लोगों ने हंगामा किया, पुलिस के साथ हाथापाई, धक्कामुक्की और मारपीट की, पत्थर फेंके। अब उनमें खलबली मची है।
वहीं, अब तक पुलिस ने जिन लोगों को बलवे में नामजद किया है, वे चारों नाम ऐसे हैं जिनका इस क्षेत्र से कोई खास ताल्लुक नहीं है। कभी कभार वो इधर देखने को मिलते हैं। ऐसे में मात्र उनकी नामजदगी को लेकर भी भाजपाइयों पर तरह-तरह के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में जो भी फुटेज में हैं वह फरार हैं। अफसरों ने साफ कहा है कि आरोपी जेल जाएंगे।
होटल और जिम की जांच शुरू
सीओ दौराला पंकज सिंह का कहना है कि पार्षद मनीष चौधरी के जिम और ब्लैक पेपर होटल की जांच शुरू कर दी गई है। होटल से संबंधित कागजात अभी पुलिस को नहीं मिले है। पुलिस टीम होटल में जांच करने गई। होटल के कर्मचारी भी फरार हैं हैं। दिन भर होटल में ताला लटका रहा।
सख्त कार्रवाई होगी
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। जो भी वीडियो फुटेज में सामने आए हैं उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। -रणविजय सिंह, एसपी सिटी
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/