बेटा न होने से नाराज पति ने विदेश से फोन कर दिया तलाक, महिला ने कहा- केस लड़ूंगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेटा न होने से नाराज विदेश में बैठे पति ने फोन कर महिला को तलाक दे दिया। महिला ने तीन तलाक को मानने से इनकार कर दिया। जानिए इसके बाद क्या हुआ।
पीड़िता इंसाफ के लिए रविवार को भावनपुर थाने पहुंची और आरोपी पति पर कार्रवाई की मांग की। महिला ने कहा कि उसने पति से निकाह किया था, वह ऐसा तलाक नहीं मानती और थाने से लेकर कचहरी तक केस लड़ेगी।
भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर स्थित नई बस्ती मोहल्ला निवासी नसीमा (28) पुत्री मोहम्मद सलीम मूल रूप से अकबरापुर बाद मवाना की रहने वाली है। नसीमा का निकाह पांच साल पहले इंचौली थाना क्षेत्र के खरदौनी निवासी इसरार पुत्र इमामुद्दीन के साथ हुआ था। उससे एक बेटी चांदनी है। आरोप है कि उसका पति बेटी होने से पूर्व ही उसे छोड़कर सऊदी अरब चला गया। महिला का आरोप है कि पति विदेश से कभी-कभी फोन कर बात करता था। शनिवार शाम को उसके पति का फोन आया तो उसने फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया। महिला ने फोन पर अपने पति से कहा कि घर में समाने आने पर तलाक की बात करना, उस समय बताऊंगी कि तलाक कैसे दिया जाता है। उसके बाद महिला के पति ने यह कहकर फोन काट दिया कि तू अब मेरी पत्नी नहीं है मुझसे बात मत करना। रात में महिला अपने मायके पक्ष के लोगों को आपबीती सुनाते हुए बिलख पड़ी। रविवार को पीड़िता थाने पहुंची और पति के खिलाफ तहरीर देते हुए कहा कि उसे इंसाफ चाहिए। महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर अड़ी रही। बाद में भावनपुर इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने आश्वासन दिया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जब तक जिंदा हूं, तलाक नहीं मानूंगी
नसीमा ने भावनपुर थाने में आपबीती सुनाते हुए कहा कि जब तक वह जिंदा है तब तक इस प्रकार से दिए गए तलाक को नहीं मानेगी। नसीमा ने बताया कि जब से बेटी हुई है तभी से उसका पति को उससे नफरत करने लगा था। उसको बेटा चाहिए था। नसीमा ने आरोप लगाया कि उसका पति पहले से ही शादीशुदा था। जबकि उसने निकाह से पहले ये बात छिपाई थी। अब वह उसे जिंदगी जीना सिखाएगी।
इंस्पेक्टर साहब, योगी सरकार में मुझे इंसाफ चाहिए
नसीमा ने भावनपुर थाने में इंस्पेक्टर से कहा कि निकाह के बाद वह अपनी मां कुबरा और भाई नसीम के साथ अब्दुल्लापुर में आकर रहने लगी थी। आरोप है कि उसका पति बेटी चांदनी से भी ठीक से बात नहीं करता है। महिला ने अपने ससुरालियों पर भी उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि इंस्पेक्टर साहब अब योगी सरकार है, मुझे तलाक पर इंसाफ चाहिए। नहीं तो मुख्यमंत्री के दरबार में शिकायत करूंगी।
एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि महिला ने तलाक को लेकर भावनपुर थाने में तहरीर दी है। पूरे मामले में पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/