Saharanpur: हरिद्वार जा रहे श्रद्धालुओं की कारें हादसे का शिकार, पति-पत्नी समेत छह की मौत, 13 घायल
सहारनपुर में शनिवार को दो सड़क हादसों में छह लोगों की जान चली गई, जबकि 13 घायल हो गए। मृतक मध्य प्रदेश और हरियाणा के थे। सभी हरिद्वार दर्शन या स्नान के लिए जा रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गैस सिलेंडर से भरे ट्रक से टकराई कार, तीन की मौके पर मौत
पहला हादसा नेशनल हाईवे पर कुम्हारहेड़ा गांव के पास हुआ। मध्यप्रदेश के देहरी थाना कुंभराज, जिला गुना से माता वैष्णों देवी के दर्शन कर हरिद्वार जा रहे परिवार की कार गैस सिलेंडर से भरे ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पवन (40), उनकी पत्नी रुक्मणि (32) और हरिनारायण पटेल (55) की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोग -निरंजन, रेखा, विमला, लक्ष्मण, रचना, दशरथ, कृष्णा और सुनील, गंभीर रूप से घायल हो गए।
मेडिकल कॉलेज पिलखनी चौकी इंचार्ज चंद्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी कार, हरियाणा के तीन श्रद्धालुओं की जान गई
दूसरा हादसा खेड़ा अफगान में पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। यह कार सवार श्रद्धालु हरिद्वार स्नान के लिए जा रहे थे।
हादसे में रिंकू (40), मोतीपाल (60) और पृथ्वी-तीनों निवासी गांव कुलवेड़ी, थाना कुंजपुरा, जिला करनाल (हरियाणा) की मौत हो गई। जबकि बृजपाल, सुनील, सुभाष, रामचंद्र और काका घायल हो गए।
ये सभी कांवड़ यात्रा के दौरान करनाल हाईवे पर कांवड़ शिविर लगा चुके थे, और शुक्रवार देर शाम हिसाब-किताब समेटकर हरिद्वार स्नान को निकले थे।
दोनों हादसों के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस के जरिए घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
मौतों की पुष्टि के बाद दोनों राज्यों-मध्य प्रदेश और हरियाणा के परिवारों में मातम छा गया है। स्थानीय प्रशासन ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हादसों की जांच शुरू कर दी है।