पिता को गोलियां चलाते देख... बेटी ने कहा- पापा तुमने ये क्या कर डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मेरठ में मां-बेटे की हत्या के मुख्य आरोपी मांगे उर्फ विनय की 13 साल की पुत्री से एसएसपी मंजिल सैनी ने पूछताछ की। बेटी को सीसीटीवी कैमरे की वो फुटेज दिखाई गई, जिसमें तीन हत्यारोपी सरेआम गोलियां बरसा रहे हैं। पिता को गोलियां चलाते देखकर बच्ची फूट फूटकर रोने लगी। बोली, पापा तुमने यह क्या कर दिया। इतना समझाया फिर भी नहीं माने।
मां-बेटे की हत्या करने के बाद से मुख्य आरोपी मांगे का परिवार और रिश्तेदार घरों से फरार हैं। कोई भी हत्थे नहीं चढ़ा, जिससे पुलिस कुछ जानकारी जुटा सके। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस मांगे की 13 साल की बेटी को एक रिश्तेदार के घर से ले आई। इस किशोरी से एसएसपी ने खुद ही पूछताछ की है। मांगे के साथ गोलियां चलाने वाले दो हत्यारोपी कौन हैं, इसका पता लगाना भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। क्योंकि कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
किशोरी कुछ बताएगी, इसके लिए पुलिस ने उसे सीसीटीवी कैमरे की वह फुटेज दिखाई, जिसमें आरोपी गोलियां बरसा रहे थे। बच्ची ने अपने पापा (मांगे) को गोली चलाते देखा तो वह रोने लगी। उसने बताया कि गोली चलाने वाले उसके पापा ही हैं। लेकिन वो ऐसा नहीं कर सकते हैं। पुलिस ने किशोरी को ढांढस बंधाते हुए कहा कि तुम्हारे पापा के साथ बाकी दो अन्य लोग कौन हैं। किशोरी को कई बार फुटेज दिखाई गई। लेकिन उसने दोनों लोगों को पहचानने ने इंकार कर दिया। कहा कि उसने उन्हें कभी नहीं देखा।
बुढ़िया मानेंगी नहीं, अब कुछ करना होगा
पुलिस के मुताबिक किशोरी ने बताया कि बीती 21 जनवरी को वह परिवार के साथ घर पर थी। तब उसके पापा मांगे कह रहे थे कि बुढ़िया मान नहीं रही...। बातचीत होने के बावजूद भी उनके खिलाफ (नरेंद्र हत्याकांड में) गवाही देने पर अड़ी है। उसको ठिकाने लगाना होगा। जिस पर मांगे की पत्नी ने कहा कि ऐसा मत करना। बच्चों का भी भविष्य खराब हो जाएगा। बच्ची ने भी कहा था कि पापा मुझे आईएएस बनना है। अपनी पढ़ाई का हवाला देकर कोई गलत कदम न उठाने की बात कही थी।
पढ़ें : देखिए- डबल मर्डर की Live तस्वीरें... मां-बेटे के सीने में उतार दीं एक दर्जन गोलियां
रिश्तेदारों को सौंपी बेटी
पुलिस ने पूछताछ कर मांगे की बेटी को उसके रिश्तेदारों की सुपुर्दगी में दे दिया। पुलिस ने इस किशोरी से कहा कि अगर पापा के बारे में कुछ जानकारी मिले तो बता देना। किशोरी से उसकी मम्मी और अन्य परिवार के बारे में भी पूछा गया। जिस पर उसने कोई जानकारी न होने की बात कही।
एक कुख्यात की नाम आया
पुलिस के मुताबिक नरेंद्र हत्याकांड में आरोपी पक्ष व पीड़ित परिवार पक्ष के बीच पश्चिम उत्तर प्रदेश का एक कुख्यात समझौता करा रहा था। जिसका फोन नंबर मरने वाले भोलू उर्फ बलविंद्र और मुख्य आरोपी मांगे उर्फ विनय के मोबाइल की सीडीआर में निकला है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि आखिर इस कुख्यात का मां-बेटे की हत्या से कोई ताल्लुक तो नहीं। एसएसपी मंजिल सैनी का कहना है कि कुख्यात जेल से बाहर है। उनका नंबर दोनों पक्ष के पास मिला है। पुलिस भी जांच कर रही है कि कही मां-बेटे की हत्या इसी कुख्यात ने भाडे़ के शूटर भेजकर तो नहीं करा दी।
बेटी ने कई बातें बताईं
एसएसपी मंजिल सैनी दहल ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी मांगे की 13 साल की बेटी कक्षा नौ में पढ़ती है। बेटी से पूछताछ की गई है। कई बातें उसने बताई हैं। फुटेज में उसने सिर्फ अपने पापा को पहचाना है। इस वारदात में कई बिंदु उलझे हैं। जिसकी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/