मेरठ में ईद को लेकर सुरक्षा कड़ी, 5 जोन में बांटा शहर, ऊंट की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित
- - सामूहिक रूप से नहीं हो सकेगी नमाज
विस्तार
बकरीद पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। एसएसपी अजय साहनी ने सभी एडिशनल एसपी, सीओ और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। संवेदनशील स्थानों पर आरएएफ व पीएसी तैनात रहेगी। शहर को 5 जोन में बांटकर ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक जोन में एक-एक जोनल मजिस्ट्रेट और सीओ तैनात रहेंगे।
एसपी सिटी डॉक्टर एएन सिंह ने बताया सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दो कंपनी आरएएफ और तीन कंपनी पीएसी तैनात रहेंगी। कोतवाली, सिविल लाइन, ब्रह्मपुरी, कैंट सर्किल को अलग-अलग जोन में बांटा गया है। वहीं, मोदीपुरम व कंकरखेड़ा क्षेत्र के लिए अलग जोन बनाया गया है। कोरोना को लेकर सामूहिक रूप से नमाज पर रोक रहेगी, जिसके लिए लोगों से सहयोग मांगा है।
हापुड़ अड्डा, भूमिया का पुल, लिसाड़ी गेट, कोतवाली, लालकुर्ती, एल ब्लॉक, इस्लामाबाद चौकी, जाकिर कॉलोनी चौकी, तीरगरान, मछेरान समेत 24 स्थान संवेदनशील श्रेणी में हैं। सभी स्थानों पर फोर्स तैनात रहेगी। कुर्बानी के लिए ऊंट लाने व ले जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। देहात क्षेत्र में एसपी देहात अविनाश पांडे ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
बकरीद को लेकर सुरक्षा के लिए आरएएफ व पीएसी रहेगी। कोरोना को लेकर शासन के जो निर्देश हैं उनका पालन कराया जाएगा। -अजय साहनी, एसएसपी
यह भी पढ़ें : मेरठ मेडिकल में कोरोना संक्रमण से चार की मौत, 28 नए मरीज मिल, अनलाॅक किए गए 24 इलाके
ईद पर घर पर नमाज अदा करें
भावनपुर थाना परिसर में मंगलवार को इंस्पेक्टर ने ईद के पावन पर्व पर क्षेत्र के लोगों के साथ बातचीत की। इंस्पेक्टर ने लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन का शांति के साथ पालन करने की अपील की।
वहीं, उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाते हुए जगह-जगह भीड़ नहीं लगाने को कहा। साथ ही सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए घर पर रहकर नमाज अदा करने की अपील की। इस मौके पर मेदपुर प्रधान आसिफ अली, जई प्रधान डाक्टर गुलजार, पार्षद शौकत गुप्ता, वीरपाल सिंह, प्रधान अनवार अली आदि मौजूद रहे।