खाद्य एवं सुरक्षा प्रशासन की टीम ने लिए नमूने
मवाना। दीपावली के मद्देनजर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा डीएम के निर्देश पर खाद्य सामग्री की जांच हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के दूसरे दिन रविवार को भी छापेमारी जारी रही है। टीम ने सरसों का तेल जब्त किया तथा पनीर एवं दूध आदि के नमूने लिये।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवकुमार मिश्र ने बताया कि फिटकरी रोड पर मंगलम डेयरी के यहां से पनीर के दो, दूध तथा मिल्क क्रीम का एक-एक नमूना लेकर सील किया। वहीं, हरिओम ट्रेडिंग कंपनी के यहां से सरसों के तेल का एक नमूना लिया। वहीं, कुल 328 लीटर सरसों का तेल मूल्य लगभग 31 हजार रुपये जब्त किया गया है। लगातार हो रही छापेमारी की कार्रवाई से व्यापारियों तथा मिष्ठान के दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। टीम में उनके साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी परमवीर सिंह, स्वामीनाथ, विशाल चौधरी, सुभाष मौर्या, अश्वनि कुमार, रीना शर्मा आदि थे।