Saharanpur: गाली-गलौज करने पर हुआ था सुभाष हत्याकांड, आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में उगला सच
सहारनपुर पुलिस ने शांकभरी विहार में हुए सुभाष हत्याकांड के मामले में बड़ा खुलासा किया है।
विस्तार
यह था मामला
थाना सदर बाजार क्षेत्र के शाकुंभरी विहार में 22 फरवरी को एक व्यक्ति का शव प्लाट में पड़ा मिला था। दो दिन बाद मृतक की पहचान हरिद्वार के साबतवाली झबरेडा निवासी सुभाष पुत्र जम्मा के रूप में हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।
इस तरह उतारा था मौत के घाट
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि जांच के बाद इस मामले में शामली के श्याम गढ़ी गांव निवासी रवि पुत्र रंजीत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उस्मान के साथ ट्रक पर हेल्पर का काम करता है। जबकि ट्रक उस्मान ही चलाता है। 21 फरवरी को सेल टैक्स वालों ने ट्रक पकड़ लिया था, जिसके बाद उन्होंने ट्रक को सेल टैक्स ऑफिस के पीछे दिल्ली रोड पर खड़ा कर दिया था।
आरोपी शराब पीने का आदी है। रात करीब आठ बजे उसने उस्मान से कहा कि वह खाना खाकर आता है। इसके बाद वह दिल्ली रोड पर गया और शराब पी। वह शराब पीकर वापस जा रहा था। दिल्ली रोड पर फुलवारी गार्डन के पास सुभाष खड़ा था, जो नशे में गाली-गलौज कर रहा था।
आरोपी का कहना है कि सुभाष ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। गुस्से में आकर आरोपी उसे अपने साथ शराब पिलाने के बहाने से आवास-विकास के पास खाली पड़े मकानों की तरफ से गया। वहां पर धक्का देकर उसे गिरा दिया। इसके बाद सीमेंट की ईंट उठाकर सुभाष के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ने उसकी तलाशी ली, लेकिन जेब से कुछ नहीं मिला। तब आरोपी वहां से फरार हो गया।