जहरीली शराब कांड की जांच के लिए SIT गठित, सहारनपुर में 70 लोगों की मौत
जहरीली शराब पीने से हुईं लगभग सत्तर लोगों की मौत के मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है जिसका नेतृत्व एसपी देहात विद्यासागर मिश्र करेंगे। इस टीम में तीन निरीक्षकों को भी शामिल किया गया है।
सहारनपुर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों का आंकड़ा 70 तक पहुंच रहा है। शराब से हुई मौतों का मामला लखनऊ तक गूंज रहा है। उच्च स्तर से इस मामले की जांच कराए जाने के आदेश दिए जा चुके हैं। जबकि स्थानीय स्तर से भी कार्रवाई शुरू करा दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने जहरीली शराब कांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि एसपी देहात विद्यासागर मिश्र के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया है। इस टीम में तीन निरीक्षकों को शामिल किया जाएगा। यह टीम सिर्फ इस मामले की जांच करेगी। उसे दूसरा कोई काम नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा स्वाट टीमें एवं अन्य टीमें अपने-अपने स्तर से जांच कर रहीं हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/