यूपी पुलिस के एएसआई का गजब खेल, 76 लाख के रिकॉर्ड ने खोल दी पोल, जानें क्या है पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में शामली में यातायात पुलिस में तैनात एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण मेरठ इकाई की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एएसआई पर आरोप है कि वर्ष 1993 से 2014 के बीच आरोपी ने करीब 53 लाख रुपये विभिन्न स्रोत से कमाए। मगर हैरानी की बात यह है कि इस अवधि में 76 लाख रुपये से ज्यादा कर खर्च किए। बाकी धनराशि का हिसाब नहीं मिलने पर ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत सदर बाजार कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अब मामले की विवेचना की जा रही है।
मेरठ की भ्रष्टाचार निवारण ईकाई के निरीक्षक शिवराज सिंह ने सहारनपुर सदर बाजार कोतवाली में यह रिपोर्ट दर्ज कराई। वर्तमान में एएसआई प्रदीप कुमार शामली जनपद में यातायात पुलिस में तैनात है। रिपोर्ट में बताया गया कि मेरठ के ग्रीन पार्क निवासी प्रदीप कुमार के खिलाफ 2014 में पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की गई थी। इसकी जांच भ्रष्टाचार निवारण इकाई मेरठ को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि प्रदीप कुमार एक सितंबर 1985 को यूपी पुलिस में आरक्षी (कांस्टेबल) पद पर भर्ती हुआ। इसके बाद प्रदीप कुमार ने एक जनवरी 1993 से 31 दिसंबर 2014 के बीच अपनी आय के विभिन्न स्रोत में वेतन, भत्ता, एरियर, बैंक लोन और कृषि आदि से 53,55,404 रुपये एकत्र किए। लेकिन इस दौरान 76,85,441 रुपये खर्च भी किए। आमदनी से ज्यादा खर्च की गई धनराशि करीब 23 लाख रुपये कहां से आए है, इसका कोई हिसाब नहीं दिया गया। जांच के बाद एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इस मामले में सदर बाजार कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण ईकाई मेरठ के इंस्पेक्टर शिवराज सिंह की तहरीर पर एएसआई प्रदीप कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है, मामले की विवेचना की जा रही है।
प्रदीप कुमार ने आरोप गलत बताए
ट्रैफिक पुलिस शामली में तैनात एएसआई प्रदीप कुमार ने फोन पर बातचीत में कहा कि उन पर लगाए आरोप गलत हैं। बेटी के ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा था। इसमें ससुरालियों ने झूठी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर दी थी। उन्हें नहीं मालूम कि सहारनपुर में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। वे इसके बारे में जानकारी जुटाएंगे।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/