सहारनपुर शराब कांड: अंतिम संस्कार के वक्त उपले फूटने पर भिड़े दो पक्ष
सहारनपुर के खेड़ा मुगल गांव में शनिवार सुबह उस समय दो बिरादरियों के लोग आमने-सामने आ गए जब जहरीली शराब पीने से हुई मौत के बाद अंतिम संस्कार करने शव ले जाए जा रहे थे। हंगामे की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। खेड़ा मुगल में शनिवार को हर तरफ चीख पुकार मची रही। जिन घरों में जहरीली शराब से मौत हुई। उनके परिजन बदहवास हैं। महिलाओं का करुण कंदन सुनकर हर किसी की आंख नम थी। अधिकारी भी मृतकों और बीमार लोगों की सूची बनाने में व्यस्त थे।
उधर, सुबह करीब नौ बजे कुछ लोग एक शव का अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर कुछ लोगों के उपले रखे थे। जब लकड़ियों और उपलों से लदी बोगी वहां से गुजरी तो कुछ उपले पहियों के नीचे आने से फूट गए। इस पर दो पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी होने से लोग आमने-सामने आ गए।
सूचना मिलते ही एसडीएम ऋतु पुनिया, सीओ सिद्धार्थ सिंह, तहसीलदार हर्ष चावला और कोतवाल मुनेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ खेड़ा मुगल पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कर दिया।
उधर, श्मशान घाट में भी एक के बाद चार चिताएं जलतीं देखकर हर कोई गमगीन था। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/