मेरठ में झमाझम बारिश, उमस से मिली राहत.. बिजली गुल... और शहर जलमग्न
- बागपत रोड सहित शहर के निचले इलाकों में पानी भरा
- रुक रुककर हुई बारिश के साथ आती-जाती रही बिजली
- उमस से मिली राहत, फसलों के लिए अच्छी मानसूनी बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बारिश ने नगर निगम की नाला सफाई की पोल खोल दी। निगम तीन माह से नाला सफाई का दावा कर रहा है, लेकिन बुधवार की बारिश से ईदगाह, बागपत गेट, बागपत रोड, ब्रह्मपुरी और लिसाड़ी गेट क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
भूमिया पुल क्षेत्र के सलीम सिद्दीकी, नौशाद और फिरोज ने बताया कि निगम ने केवल छोटे नालों की सफाई की थी। ओडियन नाले की तलीझाड़ साफ नहीं की गई। इससे छोटे नालों का पानी ओडियन नाले से टकराकर वापस हो जाता है और सड़क पर भर जाता है। लोगों ने पंपिंग सेट से पानी निकालने के लिए निगम कर्मियों को सूचना दी, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली।
बीमारी बांट रहा नगर निगम
गली मोहल्लों में बारिश और नालों का गंदा पानी भरने से बीमारी का खतरा बढ़ रहा है, लेकिन नगर निगम को इसकी परवाह नहीं है। बारिश के कई दिन बाद तक भी पानी को नहीं निकाला जाता है। लोग इसकी शिकायत स्थानीय पार्षद से लेकर निगम अधिकारियों से करते रहते हैं।
इन दिनों शहर के कई हिस्सों में जल निगम द्वारा सीवर लाइन डाले जाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सड़क तोड़ी जा रही है, लेकिन सीवर लाइन डालने के बाद सड़क नहीं बनाई जा रही है। लाइन को मिट्टी डालकर ढका जा रहा है। बारिश के चलते लाइन में आए दिन वाहन फंसने और लोगों के चोटिल होने की शिकायत मिल रही है।
दिन भर चली बिजली की आंखमिचौली
बारिश के चलते कई बिजलीघर क्षेत्रों में बिजली के झटके लगे। कई जगह फाल्ट से बिजली आपूर्ति बाधित हुई, वहीं कई जगह एहतियात के तौर पर भी बिजली काटी गई। लिसाड़ीगेट, विकासपुरी, एमईएस, शारदा रोड, बिजली बंबा बाईपास, नौचंदी, पुराना आरटीओ, कंकरखेडा, रोहटा रोड, पल्लवपुरम फेस वन और पल्लवपुरम फेस टू, लेडीज पार्क, बेगमपुल, सदर, सेंट लुक्स, माधवपुरम, रामलीला ग्राउंड, टाउन हॉल आदि बिजलीघर क्षेत्र में दिन भर बिजली की आंखमिचौली चलती रही।
कई जगह एहतियातन बिजली कटवाई गई। इन बिजलीघरों की लाइन खेतों और सड़क किनारे घने पेड़ों से होकर आ रही है। अधीक्षण अभियंता शहर एके सिंह ने बताया कि बारिश में लाइनों के ब्रेकडाउन होने से कुछ जगह आपूर्ति प्रभावित हुई थी। फाल्ट अटेंड कराकर आपूर्ति सामान्य करा दी थी।
आरटीओ में भरा बारिश का पानी
आरटीओ में बारिश का पानी भरने से काम कराने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आरटीओ प्रशासन श्वेता वर्मा ने बताया कि पानी की सही निकासी नं होने के चलते परिसर में पानी भर जाता है।
लोग घरों में हुए कैद
लिसाड़ी गेट क्षेत्र की समर कॉलोनी में जलभराव के कारण लोग दिनभर घरों में कैद रहे। अफजाल, मेहराज, अरशद, इरशाद, फुरकान, तसलीम आदि ने कहा कि निगम अधिकारियों और पार्षद से शिकायत के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
विधायक से की शिकायत
छात्र नेता विजय बहादुर और अंकुर देव चौधरी ने विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर से वार्ड 14 जागृति विहार और वार्ड 18 सरायकजी में नाले और नालियां चोक होने की शिकायत करते हुए नगर निगम से सफाई कराने की मांग की।
रोजाना हो रही सफाई
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह का कहना है कि शहर के अधिकांश नालों की सफाई हो चुकी है। जलभराव ज्यादा देर तक रहता। जहां समस्या है, वहां पंपसे पानी निकाला जाता है। रोजाना नालों की पुलिया को साफ कराया जा रहा है। वहीं, निगम के मुख्य अभियंता यशवंत कुमार का कहना है कि सीवर के लिए तोड़ी जा रही शहर की सड़कों को जल निगम को ही बनाना है। इसका शासनादेश है, लेकिन शिकायत मिल रही है कि सीवर लाइन डालने के बाद तोड़ी गई सड़क नहीं बनाई जा रही है। इसके लिए जल निगम को पत्र भेजेंगे।
स्कूल प्रबंधक की मौत
सरूरपुर के गोटका गांव में बुधवार सुबह बिजली की तड़तड़ाहट से स्कूल प्रबंधक को अनिल (55) पुत्र ओमप्रकाश को दिल का दौरा पड़ गया। परिजन उन्हें डॉक्टर के पास लेकर गए। परंतु उनकी मौत हो गई।