पीएम मोदी रैली: वकीलों और पुलिसर्मियों में हाथापाई, जमकर हंगामा, फिर लगाया जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन राजेंद्र सिंह जानी व संयोजक देवकी नंदन शर्मा की अगुवाई में वकीलों ने गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी की रैली का विरोध किया। कचहरी से काफी संख्या में वकील मार्च करते हुए बेगमपुल पर पहुंचे और जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान वकीलों और पुलिस के बीच नोकझोंक और हाथापाई हो गई। कुछ वकील पुलिस फोर्स की घेराबंदी तोड़कर टैंक चौराहा और पल्लवपुरम तक पहुंच गए। पुलिस ने वकीलों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें निजी मुचलकों पर छोड़ दिया गया।
हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर तय कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार सुबह 10 बजे सभी वकील कचहरी स्थित मेरठ बार एसोसिएशन के सभागार में एकत्रित हुए। यहां से सभी वकील प्रधानमंत्री की रैली में विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचने के लिए मार्च करते हुए बेगमपुल चौराहे की तरफ बढ़े। इसकी सूचना पर एसपी सिटी एएन सिंह ने कचहरी से बेगमपुल के बीच घेराबंदी कराई। पुलिस फोर्स कचहरी नाला रोड पर घेराबंदी में लगी रही और वकील चकमा देकर पीएल शर्मा रोड से होते हुए बेगमपुल तक पहुंच गए। लेकिन इससे पहले ही पुलिस बल ने पीएल शर्मा रोड के अंतिम छोर पर बैरिकेडिंग कर वकीलों को रोक दिया। इस दौरान वकीलों व पुलिस के बीच काफी धक्कामुक्की और हाथापाई हो गई। वकील बेगमपुल पर पहुंच गए और जाम लगाकर हंगामा कर दिया। एसपी सिटी ने यहां भारी संख्या में फोर्स बुला ली। तीखी झड़प के बाद पुलिस ने वकीलों को बसों में बैठाकर पुलिस लाइन भेज दिया।
...वकीलों की ताकत समझ लें
मेरठ बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री रामकुमार शर्मा, पूर्व महामंत्री अनिल जंगाला, देव प्रकाश, अशोक गुप्ता, अंकुर शर्मा और अन्य वकील पुलिस को चकमा देकर टैंक चौराहे पर पहुंच गए। जहां पर उन्होंने हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर नारेबाजी की और जाम लगा दिया। पुलिस ने जाम खुलवाया और वकीलों को गिरफ्तार कर लिया। बेगमपुल, लालकुर्ती चौराहा, गांधी बाग चौराहा, कचहरी प्रवेश द्वार से काफी संख्या में वकीलों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेजा गया। सभी वकीलों को पुलिस लाइन में एसीएम तृतीय ने निजी मुचलकों पर छोड़ने का आदेश दिया। रामकुमार शर्मा एडवोकेट ने इस दौरान एसपी सिटी से कहा कि यह मेरठ है। यदि किसी भी वकील को हाथ लगाया तो पुलिस जिम्मेदार होगी।
कचहरी से मोदीपुरम तक दौड़ी फोर्स
वकीलों ने गांधी बाग चौराहे पर जाम लगाकर रैली में जाने वाली बसों को रोक लिया। मोदीपुरम में भी कुछ वकीलों ने हंगामा किया तो पुलिस ने लाठी फटकारी। गिरफ्तार होने वालों में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव नागर, महामंत्री प्रवीण सुधार, मेरठ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह, गजेंद्र सिंह धामा, गजेंद्रपाल सिंह, अशोक शर्मा, उदयवीर राणा, सतीश चंद गुप्ता, जितेन्द्र बना, तरुण ढाका, अनिल जंगाला, संजय शर्मा, प्रबोध शर्मा, महावीर त्यागी, अब्दुल जब्बार, पुनीत शर्मा, ममता तिवारी, राखी त्यागी, नरेश दत्त शर्मा, चौधरी मांगेराम, रमेश चंद गुप्ता, सुदर्शन शर्मा, सचिन देव त्यागी, अजय सिंह मान, लिपिक अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सूरजबीर मलिक व पूर्व अध्यक्ष अनिल गुप्ता, सुभाष सिंह व कार्यकारिणी सदस्य अंकित गुप्ता व राहुल गौतम आदि शामिल रहे। वहीं, दावा किया गया कि बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री संजय शर्मा, अमित शर्मा, विरेंद्र सिंह, धीरज तोमर, विपिन शर्मा, राहुल शर्मा, विनय सहित अन्य अधिवक्ता रैली के बाहर हाईवे तक पहुंच गए थे।
कई जिलों के वकीलों को रोका गया
केंद्रीय संघर्ष समिति के संयोजक देवकी नंदन शर्मा ने बताया कि पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों से सूचना मिली है कि सहारनपुर, मुजफ्फरनगर से आ रहे वकीलों को मंसूरपुर में, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के वकीलों को मोदीनगर में तथा बुलंदशहर के वकीलों को गुलावठी में, गढमुक्तेश्वर के किठौर में, मुरादाबाद रामपुर, बिजनौर, अलीगढ़ व शामली के वकीलों को मेरठ पहुंचने से पहले ही रोककर गिरफ्तार कर लिया गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/