सरूरपुर(मेरठ)। गोटका गांव में बदमाशों ने बुधवार रात रिटायर्ड दरोगा के मकान समेत दो मकान को खंगाल लिया। बदमाश लाइसेंसी पिस्टल, राइफल सहित लाखों रुपये की नकदी, जेवर चोरी कर ले गए। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर डॉग स्क्वाड को बुलाकर जांच कराई गई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज जांच में जुटी है।
गांव गोटका निवासी रिटायर्ड दरोगा वीरेंद्र सिंह पुत्र दीपचंद और पड़ोसी तरसपाल पुत्र कुंवरपाल के परिवार वाले रात में बरामदे में सोए हुए थे। बुधवार रात बदमाश दीवार फांदकर रिटायर्ड दरोगा वीरेंद्र के मकान में घुस गए। बदमाशों ने कमरे का ताला तोड़कर सेफ अलमारी, संदूक में रखे लगभग दो लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर, एक लाइसेंसी पिस्टल व राइफल आदि चुरा ली। इसके बाद बदमाशों ने पड़ोसी तरसपाल के मकान को निशाना बनाया। यहां भी चोर दीवार फांदकर मकान में घुसे तथा ताला तोड़कर सेफ अलमारी व संदूक आदि में रखकर लगभग 35 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवर आदि चोरी कर ले गए। वारदात का पता सुबह परिवार वालों के जागने पर लगा। दोनों परिवार के लोगों ने चोरी का शोर मचा दिया। पीड़िताें ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पुलिस बल और डॉग स्क्वाड को लेकर मौके पर पहुंचे। परिवार वालों से पूछताछ के बाद घंटों तक चोरों की तलाश में खोजबीन की, लेकिन डॉग स्क्वाड मकान के अंदर ही जाकर रुक गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं, पुलिस ने बताया कि काफी छानबीन के बाद लाइसेंसी पिस्टल व राइफल दूसरे कमरे में मिल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है।