यूपी: वृद्धा की हत्या मामले में नया मोड़, आरोपी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत, वायरल वीडियो में कबूला था जुर्म
- युवक के बयान वाला वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
- 15 अक्तूबर को यमुना नदी किनारे मिला था मंधोर निवासी जरीना का शव
- हत्या में गांव के ही एक युवक के खिलाफ दर्ज हुई थी नामजद रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सरसावा थानाक्षेत्र में पांच दिन पूर्व हुई वृद्धा की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। एक युवक का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह वृद्धा की हत्या करना कबूल रहा है। इस युवक की भी रविवार को ही जहर खाने से मौत हो चुकी है। केस में उलझन की बात यह है कि वृद्धा की हत्या में दर्ज रिपोर्ट में गांव का ही एक अन्य युवक नामजद है। ऐसे में पुलिस भी नए सिरे से मामले की जांच करने की बात कह रही है।
ग्राम मंधोर निवासी महिला जरीना (75 वर्षीय) का गत 15 अक्तूबर को यमुना किनारे शव मिला था। जिसकी गर्दन को किसी धारदार हथियार से रेता गया था। जरीना के बेटे फिराकत ने सरसावा थाने में ग्राम मंधोर निवासी कालू उर्फ मनोज पुत्र सोमपाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि अभी तक कालू की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
उधर, सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसे ग्राम मंधोर में हुई वृद्धा की हत्या के मामले से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक कार में बैठा हुआ है, जिसे कुछ लोग घेरकर कहते हैं कि सच-सच बता तेरे साथ वृद्धा की हत्या करने में कौन-कौन शामिल था।
इस पर युवक कह रहा है कि उसके सिर पर भूत सवार हो गया था तथा उसी ने वृद्धा की हत्या की है। यह वीडियो 18 अक्तूबर का बताया जा रहा है और उसी दिन इस युवक की जहर खाने से जिला अस्पताल में मौत हो गई।
उधर, सरसावा थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि जिस युवक सुनील का वीडियो वायरल हो रहा है, उसके पिता नरेश कुमार ने सरसावा थाने में लिखित रूप से बताया था कि उसके बेटे ने जहर खाया है।
जिला अस्पताल में भर्ती सुनील का बयान भी दर्ज कराया गया था। 18 अक्तूबर की देर रात उसकी मौत हो गई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि वायरल वीडियो कि उन्हें जानकारी मिली है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/