तेल कारोबारी को नोटिस, अग्रिम जमानत अर्जी दाखिल, वकील बोला-टैंकों में हो सकता है बारिश का पानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में 70 हजार लीटर अवैध केरोसिन के मामले में रतिराम खूबचंद फर्म के मालिक संजय गुप्ता को परतापुर पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया। संजय गुप्ता नहीं पहुंचे जबकि उनके अधिवक्ता की ओर से अग्रिम जमानत की अर्जी कोर्ट में दाखिल की गई है।
परतापुर में रतिराम खूबचंद ऑयल डिपो में प्रशासन की टीम ने सात सितंबर को छापा मारकर 70 हजार लीटर केरोसिन जमीन में दबे टैंकों से बरामद कर इसका मुकदमा परतापुर थाने में दर्ज किया था। अवैध केरोसिन फर्म में कहां से आया, इसको लेकर पुलिस ने तेल कारोबारी संजय गुप्ता को नोटिस भेजा।
बुधवार को कारोबारी को पुलिस के पास जाकर बयान दर्ज कराने थे, लेकिन वह नहीं पहुंचे। संजय गुप्ता के अधिवक्ता रामकुमार शर्मा की ओर से बुधवार को कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका डाली गई, जिसकी सुनवाई 16 सितंबर को होना बताया गया है।
साक्ष्य के आधार पर होगी गिरफ्तारी
विवेचना चल रही है। साक्ष्य के आधार पर रतिराम खूबचंद फर्म के मालिक संजय गुप्ता की गिरफ्तारी होगी। अग्रिम जमानत अर्जी की जानकारी नहीं है। पुलिस अपना काम कर रही है। -अजय साहनी, एसएसपी
टैंकों में बारिश का पानी भी तो हो सकता है: रामकुमार
तेल कारोबारी संजय गुप्ता के अधिवक्ता रामकुमार शर्मा का कहना है कि प्रशासन ने अधूरी जांच पड़ताल कर मुकदमा दर्ज कराया। जमीन में दबे टैंकों में 70 हजार लीटर अवैध केरोसिन बताया गया। संजय गुप्ता दावा कर रहे हैं कि केरोसिन नहीं है। जबकि खोदाई कराकर टैंकों की जांच करानी चाहिए। हो सकता है कि टैंकों में बारिश का पानी भर गया हो। प्रशासन उनके क्लाइंट का उत्पीड़न कर रहा है।
छुट्टी पर गए डीएसओ
मिलावटी तेल और केरोसिन के भंडाफोड़ के बाद शहर में कई बड़े व्यापारियों की गर्दन फंसी है। इस धंधे में जिला आपूर्ति विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा कि डीएसओ विकास गौतम छुट्टी पर चले गए हैं। चर्चा है कि वे लखनऊ में हैं। जबकि पुलिस-प्रशासन उनके खिलाफ शासन को जानकारी दे चुका है।
विवेचना में पुख्ता सुबूत होंगे
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि रतिराम खूबचंद फर्म में गरीबों का 70 हजार अवैध केरोसिन बताकर प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कराया है। जिला आपूर्ति विभाग, नापतौल और अन्य कई विभागों के अधिकारियों के बयान दर्ज कर विवेचना में पुख्ता सुबूत जुटाए जा रहे हैं। विवेचना से संबंधित फर्म मालिक संजय गुप्ता और प्रबंधक विक्की को नोटिस भेजा गया, ताकि वह भी अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकें।
संजय गुप्ता के सरेंडर होने की उड़ती रही अफवाह
तेल कारोबारी संजय गुप्ता की तलाश में बुधवार को परतापुर पुलिस ने उनके घर शंभूनगर टीपीनगर में दबिश दी। लेकिन वह नहीं मिले। वहीं, दिन भर अफवाह उड़ती रही कि वह गुपचुप तरीके से सरेंडर होने की फिराक में हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि रतिराम खूबचंद फर्म के मालिक संजय गुप्ता की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। नोटिस देने के बाद पुलिस ने दबिश दी। चार दिन से फर्म पर आईओसीएल की टीम नहीं पहुंची, ताकि खोदाई हो सके। बुधवार को फर्म मालिक संजय गुप्ता के थाना परतापुर या फिर सीओ आफिस में सरेंडर करने की अफवाह उड़ती रही।