दिल्ली-हरिद्वार हाईवे दो दिन रहेगा वनवे, संभलकर निकलें वरना पड़ जाएगा पछताना, ये है वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में आगामी 28 और 29 सितंबर को जरा संभलकर निकलें। भाकियू की किसान क्रांति पदयात्रा 28 सितंबर को मुजफ्फरनगर से दौराला पहुंचेगी। जो 29 को दौराला से परतापुर जाएगी। पदयात्रा एक लाख लोगों के भाग लेने का दावा किया जा रहा है। हाईवे और सड़कों की हालत पहले ही काफी खस्ता है। ऐसे में हाईवे और शहर जाम होने की पूरी संभावना है। इसके लिए सकौती से परतापुर तक 35 किमी का एनएच-58 वनवे रहेगा। मंगलवार को पुलिस-प्रशासन और भाकियू पदाधिकारियों ने बैठक कर तैयारियों पर मंथन किया।
क्रांति पदयात्रा
हरिद्वार स्थित टिकैत घाट से 23 सितंबर से भाकियू की किसान क्रांति पदयात्रा शुरू हुई है, जो दो अक्तूबर को दिल्ली में किसान घाट पर संपन्न होगी। कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर की शाम करीब 5-6 बजे पदयात्रा दौराला पहुंचेगी तो 29 सितंबर की सुबह 10 बजे यह सकौती (दौराला) से परतापुर के लिए प्रस्थान करेगी। शाम छह बजे तक यात्रा का दिल्ली रोड स्थित मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल पहुंचना संभावित है।
पदयात्रा में भीड़
भाकियू के संगठन मंत्री संजय चौधरी का दावा है कि पदयात्रा में करीब एक लाख किसान भाग लेंगे। विकलांग किसानों के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली और छोटे वाहन सहित करीब 300 वाहनों की व्यवस्था की गई है।
यह है परेशानी
शहर रोजाना ही जाम रहता है। उस पर हाईवे और मुख्य मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं तो सड़कों की खस्ता हालत किसी से छिपी नहीं है। लगातार हुई बरसात ने इस मुसीबत को और बढ़ा दिया है। पदयात्रा 28 को मुजफ्फरनगर से दौराला पहुंचेगी तो मुजफ्फरनगर,दौराला की साइड जाम रहेगी, जबकि 29 को दौराला से परतापुर तक एक लाख लोग और करीब 300 वाहन एक साथ निकलेंगे तो भीषण जाम लगना तय है।
वनवे व्यवस्था की तैयारी
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी के अनुसार भाकियू जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह के पत्र में पदयात्रा के संबंध में जानकारी दी गई है। यात्रा भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में निकलेगी। मुजफ्फरनगर की सीमा में आने पर ही पता चलेगा कि पदयात्रा में कितनी भीड़ रहेगी। जैसे ही पदयात्रा मेरठ की सीमा में प्रवेश करेगी तो हाईवे पर वनवे व्यवस्था कर दी जाएगी। सड़क के एक तरफ पदयात्रा तो दूसरी तरफ से वाहनों को निकाला जाएगा। इसके लिए दो सीओ, तीन टीआई समेत 50 ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे।
दो घंटे बैठक, बना ब्लू प्रिंट
मोदीपुरम में पदयात्रा की तैयारी को लेकर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों ने भाकियू पदाधिकारियों के साथ मंगलवार को हाईवे स्थित सिवाया टोल प्लाजा पर करीब दो घंटे तक बैठक कर यात्रा का ब्लू प्रिंट तैयार किया। बैठक में तय किया गया कि सकौती से परतापुर तक 35 किमी के एरिया में यात्रा को सकुशल निकलवाने लिए हाईवे को वनवे किया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया कि यात्रा के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के बाद सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में एडीएम सिटी मुकेश चंद्र, एसपी सिटी रणविजय सिंह, एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय, सीओ दौराला पंकज सिंह, सीओ एलआईयू, सीओ ब्रह्मपुरी हरिमोहन सिंह, टोल के निदेशक श्रीधर नारायण, भाकियू जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, चंद्रपाल फौजी, ईलम सिंह, महिला विंग जिलाध्यक्ष नेहा त्यागी, अमरीश त्यागी, संगठन मंत्री संजय दौरालिया, नवाब सिंह अहलावत, रविंद्र दौरालिया, अमरीश सकौती, राजकुमार करनावल, सतबीर जंगेठी, मोनू सिंह, दीपक और विकास शामिल रहे।
भाकियू की व्यवस्था
पेयजल कमेटी, विद्युत कमेटी, चिकित्सा कमेटी, सफाई कमेटी, खानपान व्यवस्था और उसकी कमेटी, वालंटियर की व्यवस्था, डिवाइडर रोड की वालंटियर व्यवस्था देखेंगे।
प्रशासन यह करेगा व्यवस्था
हाईवे से सटे हास्पिटल में बेड की समुचित व्यवस्था, महिलाओं के लिए प्रसाधन की व्यवस्था, हाईवे को वन वे करना, यात्रा को सकुशल कराने के लिए जगह-जगह पुलिस तैनात होगी। 25 पानी के टैंकर, 15 मोबाइल टॉयलेट, हाईवे पर डस्टबिन और सफाई कर्मचारी स्टाफ, 10 एंबुलेंस एवं चिकित्सक टीम तैनात होगी।