नगर निगम टीम ने व्यापारियों के गोदाम में मारा छापा, जब्त हुई 10 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पॉलिथीन के थोक विक्रेताओं के गोदाम पर छापा मारने पहुंची नगर निगम की टीम को व्यापारियों का विरोध झेलना पड़ा। सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट पंकज कुमार वर्मा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोदाम का शटर खुलवाकर अंदर छिपाकर रखी गई प्रतिबंधित पॉलिथीन निकलवाई। चेकिंग अभियान में 10 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त करने के साथ ही 30 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम की टीम पिछले करीब दस दिन से प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चला रही है। अभी तक सब्जी और फल विक्रेताओं और किराना की दुकानों पर छापेमारी कर एक से दो किलोग्राम पॉलिथीन पकड़ी जा रही थी, मगर दो दिन से निगम ने थोक विक्रेताओं के गोदामों पर छापेमारी शुरू की है।
बता दें कि गुरुवार को नगर निगम की टीम प्रवर्तन अधिकारी रिटायर्ड कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में पालिका बाजार पहुंची और पॉलिथीन के गोदाम पर छापा मारा। पहले तो व्यापारी गोदाम का शटर खोलने पर आनाकानी करता रहा, मगर निगम अधिकारियों की सख्ती के बाद व्यापारी ने शटर खोल दिया।
इसके बाद टीम ऊपर बने गोदाम से भारी मात्रा में पॉलिथीन के छोटे बोरे नीचे लेकर आई। इस दौरान व्यापारी नेता विवेक मनोचा समेत कई व्यापारी मौके पर पहुंचे और पॉलिथीन जब्त करने का विरोध किया। मौके पर नगर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर जैसे ही निगम की टीम पॉलिथीन को गाड़ी में लादने लगी तो व्यापारियों ने विरोध किया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को फोन कर मौके पर बुलाया। मगर काफी देर तक जब नगरायुक्त नहीं पहुंचे तो निगम की टीम ने पॉलिथीन को गाड़ी में लाद लिया। इसके बाद टीम ने नीचे की दुकान की तलाशी लेने की बात कही तो व्यापारियों ने विरोध करते हुए शटर बंद कर दिया, जिससे हंगामे की स्थिति बन गई।
निगम की टीम पॉलिथीन से लदी गाड़ी लेकर बाहर निकल आई और सिटी मजिस्ट्रेट पंकज कुमार वर्मा को कॉल कर व्यापारियों के विरोध की सूचना दी। सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे तो निगम अधिकारियों ने उन्हें बताया कि अंदर और प्रतिबंधित पॉलिथीन रखी हुई है, मगर व्यापारी तलाशी नहीं लेने दे रहे हैं।
इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने शटर खुलवाकर करीब दो क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन निकलवाई। चेकिंग अभियान के दौरान कुल 995 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त की गई। गोदाम स्वामी से 25 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया। एक अन्य व्यक्ति से भी प्रतिबंधित पॉलिथीन का बोरा जब्त किया गया और पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अमित तोमर, पलक्षा मैनवाल, अमर ज्योति, सुधाकर, अमरीश, सुदेश यादव, मुकेश यादव शामिल रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/